Bharat Express DD Free Dish

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत 4 की मौत; CM हेमंत सोरेन ने जताया शोक

Jamshedpur Road Accident: जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव पर हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई. तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे पर CM हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने शोक जताया.

Minister Daughter Death

Minister Daughter Death- bharat express

Minister Daughter Death: झारखंड के जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी तृषा सिंह समेत चार युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है.

ब्रेकडाउन खड़े ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार

जानकारी के अनुसार, हादसा मरीन ड्राइव की मुख्य सड़क पर हुआ. बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे एक भारी ट्रक खराब (ब्रेकडाउन) होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था. गुरुवार तड़के तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित कार सीधे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई.

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

हादसे का दृश्य अत्यंत भयावह था, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा. कार की स्थिति इतनी खराब थी कि शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा. कड़ी मशक्कत के बाद कार के हिस्सों को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला गया.

मृतकों की पहचान और परिजनों में कोहराम

इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले चारों मृतकों की पहचान कर ली गई है. तृषा सिंह (ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी), सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम (MGM) अस्पताल भेज दिया है.

CM हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री ने जताया गहरा दुख

इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर छा गई. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री और अन्य युवाओं के निधन की खबर अत्यंत दुखद है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

यह भी पढ़ें: IIT Bombay Student Suicide: एग्जाम हॉल से आया 54 सेकंड का CCTV फुटेज, VIDEO में क्या-क्या दिखा?

भारत एक्स्प्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read