Bharat Express DD Free Dish

झारखंड एयर एम्बुलेंस क्रैश: सात की मौत, रांची से दिल्ली जा रहा था विमान

Air ambulance crash: झारखंड के चतरा जिले में रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में मरीज, डॉक्टर, नर्स और दो पायलट समेत सात लोगों की मौत हो गई.

Air ambulance crash: सोमवार शाम झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया के पास एक बड़ा हादसा हुआ. रांची से दिल्ली जा रही रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड की एयर एम्बुलेंस उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई. विमान ने रांची हवाई अड्डे से शाम 7:11 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 20 मिनट बाद उसका संपर्क टूट गया.

घने जंगल में गिरा विमान

चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री ने बताया कि विमान बरियातू पंचायत क्षेत्र के घने जंगल में गिरा. हादसे के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की.

शव बरामद

एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने पुष्टि की कि विमान में मौजूद सभी सात लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं.

मृतकों की पहचान

इस हादसे में जिनकी जान गई उनमें शामिल हैं:

  • विवेक विकास भगत (पायलट)
  • सबराजदीप सिंह (पायलट)
  • संजय कुमार (मरीज)
  • अर्चना देवी (परिजन)
  • धूरू कुमार (परिजन)
  • विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर)
  • सचिन कुमार मिश्रा (नर्स)

मरीज की हालत

देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा ने बताया कि मरीज संजय कुमार, जो लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले थे, 16 फरवरी को 65 प्रतिशत जलने की चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती हुए थे. परिवार ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया और सोमवार को एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई थी.

मौसम पर शक

रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि विमान ने उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद वायु यातायात नियंत्रण से संपर्क खो दिया. उन्होंने आशंका जताई कि खराब मौसम दुर्घटना का कारण हो सकता है, हालांकि असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी.

डीजीसीए का क्या कहना है?

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बयान जारी कर बताया कि 23 फरवरी 2026 को रेडबर्ड एयरवेज का बीचक्राफ्ट सी90 विमान वीटी-एजेवी रांची से दिल्ली के लिए मेडिकल इवैक्यूएशन फ्लाइट पर था. भारतीय समयानुसार 7:34 बजे विमान का रडार और रेडियो संपर्क टूट गया. इसके बाद यह चतरा जिले की कसरिया पंचायत में दुर्घटनाग्रस्त पाया गया.

ये भी पढ़ें-‘दादा में CM बनने की पूरी क्षमता…’ अजित पवार को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

दुर्घटना की जांच शुरू

जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की टीम को भी भेजा जा रहा है. हादसे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read