झारखंड में जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार
Jharkhand Cabinet Expansion 2026: झारखंड की सियासत में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं. असमय दुखद निधन के रापण कैबिनेट में दो पद खाली पड़े हैं. पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद खाली हुए विभागों का कामकाज फिलहाल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद संभाल रहे हैं. ऐसे में प्रशासनिक कार्यभार को संतुलित करने के लिए नए चेहरों को कैबिनेट में शामिल करने की कवायद शुरू हो चुकी है. सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या गांडेय से विधायक और पार्टी की प्रमुख चेहरा कल्पना सोरेन को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा?
इस पूरे सियासी घटनाक्रम पर भारत एक्सप्रेस के रांची ब्यूरो हेड मधुकर आनंद ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज कुमार पांडे से खास बातचीत की. बातचीत के दौरान मनोज पांडे ने स्पष्ट संकेत दिया कि मंत्रिमंडल का विस्तार बहुत जल्द होगा. आइये जानें उन्होंने कल्पना सोरेन के सवाल पर क्या कहा?
बहुत जल्द होगा कैबिनेट विस्तार (Jharkhand Cabinet Expansion Update)
मंत्रिमंडल विस्तार के समय और रूपरेखा पर बात करते हुए JMM प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के जाने से पार्टी और सरकार दोनों को अपूरणीय क्षति हुई है. उनके सभी विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास हैं, जिससे कामकाज का बोझ काफी बढ़ गया है. उन्होंने कहा-
‘निश्चित रूप से विभागों की जिम्मेदारी किसी न किसी को सौंपनी होगी. यह कब होगा और किसे जिम्मेदारी दी जाएगी, यह पूरी तरह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है. पार्टी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शीर्ष नेतृत्व को पूरी तरह अधिकृत कर रखा है. वे सही समय पर पूरी तरह उचित फैसला लेंगे.’
कल्पना सोरेन जिले में बांधना ठीक नहीं
जब यह सवाल पूछा गया कि सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह से आते थे और कल्पना सोरेन भी गिरिडीह जिले की गांडेय सीट से विधायक हैं, तो क्या क्षेत्रीय और सांगठनिक संतुलन साधने के लिए उन्हें मंत्री बनाया जा सकता है? इस पर जेएमएम प्रवक्ता मनोज पांडे ने दो-टूक जवाब दिया.
मनोज पांडे ने कहा कि कल्पना सोरेन को सिर्फ गिरिडीह या किसी एक जिले के दायरे में बांधकर देखना बिल्कुल गलत होगा. उन्होंने बहुत कम समय में अपनी काबिलियत और मजबूत आभा से अपनी पहचान बनाई है. जब पार्टी पर सबसे बड़ा संकट आया था, तब उन्होंने आगे बढ़कर कमान संभाली और चुनावों में शानदार नतीजे दिलाए.
क्या कल्पना सोरेन बनेंगी मंत्री? (Kalpana Soren Minister in Jharkhand)
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए पांडे ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता चाहता है कि कल्पना सोरेन को बड़ी जिम्मेदारियां मिलें, क्योंकि वे जिस भी पद पर रहेंगी, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगी. हालांकि, अंतिम फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ही लेना है.
टाइमलाइन पर मनोज पांडे का जवाब (Jharkhand Mukti Morcha News)
फैसले की समय-सीमा पर जोर देते हुए मनोज कुमार पांडे ने कहा कि यह फैसला अब ज्यादा टलने वाला नहीं है. उन्होंने दोहराया कि मंत्रिमंडल का विस्तार बहुत जल्द होगा. पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सब की नजरें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अगले कदम पर टिकी हैं. इससे एक बात तो साफ है कि झारखंड को जल्द 2 मंत्री मिलने जा रहे हैं. हालांकि, इसमें कल्पना होंगी या नहीं अभी भी इस पर संसय बना है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
