15 अगस्त को देश जहां आजादी के जश्न में डूबा हुआ था, वहीं झारखंड की राजधानी रांची में राजनीतिक और छात्र आंदोलनों की सरगर्मी तेज रही. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के प्रमुख नेता देवेंद्र नाथ महतो को पुलिस ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने से कथित तौर पर रोक दिया. आरोप है कि इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में महतो के सीने में चोट आई है, जिसके बाद वह अपने कमरे के बाहर ही धरने पर बैठ गए हैं.
कमरे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात
देवेंद्र महतो पिछले 14 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. 2 अगस्त को रांची में विधानसभा घेराव प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
14 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे मेरे साथ आज पुलिस द्वारा धक्का-मुक्की और बलपूर्वक रोकने की कोशिश की गई। मेरे साथ मौजूद साथियों के साथ भी पुलिस द्वारा मारपीट की गई।
कई दिनों से भूखा होने के बावजूद मैं अपने अधिकार और जनता की आवाज़ के लिए खड़ा हूँ। हमें इस तरह रोककर हमारी आवाज़ को… pic.twitter.com/TRxMaMkBqR
— Devendra Nath Mahto (@DevendraNathMa9) August 15, 2026
महतो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, ‘जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में ध्वजारोहण और तिरंगा मार्च में हिस्सा लेने की इच्छा जताने के बाद मेरे अस्पताल के कमरे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. आखिर यह कैसी आजादी है? क्या हम अपने ही देश में तिरंगा फहराने के लिए स्वतंत्र नहीं हैं?’
‘इलाज नहीं कराऊंगा, जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी’
घटना के बाद अपने कमरे के गेट पर ही धरने पर बैठे देवेंद्र महतो ने कहा कि जब तक उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया जाता, वह वहीं बैठे रहेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपना इलाज भी नहीं करवाएंगे और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते रहेंगे.
पुलिस द्वारा लगातार धक्का-मुक्की कर मुझे रोका गया। आखिरकार मैं अपने रूम के गेट के बाहर ही बैठ गया हूँ।
जब तक मुझे यहाँ से बाहर निकलने नहीं दिया जाता, तब तक मैं यहीं बैठा रहूँगा। मैं अपना इलाज भी नहीं करवाऊँगा और यहीं रहकर अपनी बात रखूँगा।
मेरी लड़ाई जनता के अधिकार और न्याय के… pic.twitter.com/2dgT1CIw6e
— Devendra Nath Mahto (@DevendraNathMa9) August 15, 2026
महतो ने कहा कि यह लड़ाई जनता के अधिकारों और न्याय की है, और पुलिसिया कार्रवाई से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता.
जारी रहेगा आंदोलन
उल्लेखनीय है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम इस समय छात्रों के विरोध प्रदर्शन का मुख्य केंद्र बना हुआ है. यहां हजारों अभ्यर्थी झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बॉर्डर पर फिर नापाक हरकत? अखनूर में दिखे पाकिस्तानी गुब्बारे और झंडा, पुलिस जांच में जुटी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



