JNU Students Protest Update: राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) एक बार फिर भारी विरोध प्रदर्शन और बवाल का केंद्र बन गया है. जेएनयू प्रशासन द्वारा छात्रसंघ नेताओं समेत 14 छात्रों को निलंबित (सस्पेंड) किए जाने के बाद कैंपस में तनाव का माहौल है. इस निलंबन और कथित जातिवादी व नस्लवादी टिप्पणियों के विरोध में छात्रों का गुस्सा भड़क उठा है और बीती रात से ही कैंपस में उग्र प्रदर्शन जारी है.
छात्रसंघ अध्यक्ष समेत 14 छात्र निलंबित
जेएनयू प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए जेएनयू छात्रसंघ की वर्तमान अध्यक्ष अदिति, उपाध्यक्ष गोपिका, संयुक्त सचिव दानिश और पूर्व अध्यक्ष नितीश समेत 10 अन्य छात्रों (कुल 14) को सस्पेंड कर दिया है. प्रशासन के इस कड़े कदम के खिलाफ छात्रों ने बीती रात कैंपस में ‘एकजुटता सभा’ (Solidarity Gathering) बुलाई. इस दौरान निलंबित छात्रों के समर्थन में देर रात तक कैंपस में भारी विरोध प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की गई.
VC और दिल्ली पुलिस का फूंका पुतला
छात्रों का गुस्सा इस कदर भड़क गया कि उन्होंने कैंपस के मेन गेट पर जेएनयू की वाइस चांसलर (VC) और दिल्ली पुलिस का पुतला जलाकर अपना तीखा विरोध दर्ज कराया. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए चेतावनी दी है कि वे आज (बुधवार को) पूरे कैंपस में हड़ताल करेंगे और उन्होंने विरोध-स्वरूप ‘भारत बंद’ का भी ऐलान किया है.
ये भी पढ़ें: भारत पर जिस कंपनी ने की हुकूमत, 160 साल बाद दूसरी बार फिर से हुआ पतन
कैंपस में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम
देर रात हुए बवाल, पुतला दहन और आज प्रस्तावित हड़ताल व भारत बंद की चेतावनी को देखते हुए जेएनयू प्रशासन और दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है. कैंपस और उसके आसपास सुरक्षा के बेहद सख्त इंतजाम किए गए हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. साथ ही प्रदर्शन करने वालों के चेताया गया है कि वह कैंपस को शांत रहने दे. छात्रों को उकसाने का काम न करें.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


