Bharat Express DD Free Dish

प्रधानमंत्री मोदी की सेवा के 25 साल पूरे होने पर कर्नाटक भाजपा चलाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’

कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने शनिवार को कहा कि पार्टी राज्य में प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी.

कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 साल पूरे होने के मौके पर एक महीने तक बड़ा अभियान चलाने जा रही है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने शनिवार को बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा.

बेंगलुरु स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय ‘जगन्नाथ भवन’ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजयेंद्र ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अनुरोध पर इस अभियान का आयोजन किया जा रहा है. इसका मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना है.

बूथ से लेकर घर-घर तक होंगे कार्यक्रम

विजयेंद्र के मुताबिक, पूरे अभियान के दौरान 12 अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें बूथ स्तर के कार्यक्रमों से लेकर लोगों के घरों तक पहुंचने वाली गतिविधियां शामिल होंगी.

अभियान के तहत ‘आशीर्वाद दीपा’ कार्यक्रम भी होगा. वहीं, छात्रों को जोड़ने के लिए ‘भारतदा कनासु’ यानी ‘भारत का सपना’ नाम से पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को देश के विकास और भविष्य से जुड़े मुद्दों से जोड़ने की कोशिश होगी.

देश में पिछले वर्षों में हुए बदलावों को लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘नमो सेवा स्ट्रीट प्ले’ भी आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा ‘आंगनबाड़ी मिलन’ कार्यक्रम के जरिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और लोगों से संपर्क किया जाएगा.

सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर रहेगा फोकस

अभियान में ‘बदलवनैया कथे’ यानी ‘बदलाव की कहानी’ नाम का कार्यक्रम भी रखा गया है. इसके जरिए केंद्र सरकार की अलग-अलग योजनाओं और उनसे लाभ पाने वाले लोगों के अनुभव सामने लाए जाएंगे.

वहीं, ‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए लोगों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. पार्टी कार्यकर्ता पात्र लोगों को इन योजनाओं के लिए आवेदन या पंजीकरण कराने में भी मदद करेंगे.

सेवा गतिविधियों में रक्तदान से लेकर पौधारोपण तक

अभियान के आठवें कार्यक्रम ‘सेवेये नन्ना कोडुगे’ यानी ‘सेवा ही मेरा योगदान’ के तहत सेवा से जुड़ी 25 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनमें रक्तदान शिविर, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, प्लास्टिक के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता और साइबर सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं.

इसके अलावा देशभर से नदियों का पवित्र जल एकत्र कर उसे वाराणसी ले जाने के लिए एक विशेष यात्रा भी निकाली जाएगी. ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी अभियान का हिस्सा होंगी.

बेंगलुरु में इनोवेशन चैलेंज

विजयेंद्र ने बताया कि ‘रंगोली राष्ट्र’ नाम से भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. बेंगलुरु में ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ रखा जाएगा, जिसमें छात्र, आईटी क्षेत्र से जुड़े पेशेवर और स्टार्टअप उद्यमी हिस्सा ले सकेंगे.

अभियान का 12वां कार्यक्रम ‘जन सेवक महाकुंभ’ होगा. इसमें पंचायत स्तर से लेकर सांसद स्तर तक के निर्वाचित प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी.

इसके साथ ही ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन का भी आयोजन किया जाएगा. भाजपा के मुताबिक, इसमें करीब 1.25 लाख निर्वाचित प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है. पार्टी का दावा है कि इस कार्यक्रम के जरिए एक विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा.

विजयेंद्र ने पीएम मोदी के शासन की तारीफ की

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजयेंद्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बिना भ्रष्टाचार के आरोपों के साफ-सुथरा प्रशासन देने का काम किया है और देश के समग्र विकास पर जोर दिया है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद को देश का ‘पहला सेवक’ मानते हुए लगातार काम किया है और भारत के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं.

अभियान के लिए बनाई गईं अलग-अलग टीमें

विजयेंद्र ने बताया कि अभियान को जमीन पर सफल तरीके से लागू करने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है. इसमें भाजपा के प्रदेश महासचिव एनएस नंदिश रेड्डी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सीएन अश्वथ नारायण, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक धीरज मुनिराजू, विधायक शैलेंद्र बेलडाले समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं.

इसके अलावा अलग-अलग कार्यक्रमों की निगरानी और आयोजन के लिए जिला तथा विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी टीमें बनाई गई हैं.

ये भी पढ़ें-इथियोपिया के साथ बड़ी डील! जानिए पीएम मोदी और पीएम अबी अहमद के बीच हैदराबाद हाउस में क्या-क्या फैसले हुए?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read