ट्रक ड्राइवर से 100 रुपये रिश्वत लेने का वीडियो वायरल
Kathua Police Bribery Video Viral: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. इस वीडियो में वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी ट्रक ड्राइवर से पैसे लेता हुआ दिख रहा है. बताया जा रहा है कि ये पूरा मामला लखनपुर चेक पोस्ट का है, जो जम्मू-कश्मीर में एंट्री का मुख्य प्वाइंट माना जाता है। वीडियो सामने आते ही लोगों में काफी चर्चा शुरू हो गई.
बिल्टी को लेकर हुई बहस
वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी ट्रक ड्राइवर से बिल्टी यानी लॉरी रिसीप्ट मांग रहा है. ड्राइवर का कहना है कि उसके ट्रक में जो सामान लदा है उसके लिए बिल्टी की जरूरत नहीं है. इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी होती है. इसके बाद ड्राइवर पुलिसकर्मी को 30 रुपये देने की बात कहता है, लेकिन पुलिसकर्मी 100 रुपये की मांग पर अड़ा रहता है. अंत में ड्राइवर 100 रुपये देकर वहां से निकल जाता है. ये पूरा वाकया किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया.
एंट्री फीस के नाम पर वसूली का आरोप
लोगों का आरोप है कि लखनपुर में ट्रकों से एंट्री फीस के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए. कई लोगों ने कहा कि रोजाना सैकड़ों ट्रक यहां से गुजरते हैं और अगर हर ट्रक से इस तरह पैसे लिए जा रहे हैं तो ये बड़ा मामला है.
ये इलाका किसके अंडर में आता है?
जानकारी के मुताबिक लखनपुर का ये एंट्री प्वाइंट स्टेट टैक्सेस एनफोर्समेंट विंग, जिला कठुआ के दायरे में आता है. यहां पर टैक्स से जुड़ी जांच के लिए टीमें तैनात रहती हैं. हालांकि टैक्स विभाग ने इस पूरे मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया है.
पुलिस और टैक्स विभाग ने क्या कहा?
मामला सामने आने के बाद कठुआ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील केसरी ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है. इसकी सच्चाई क्या है, इसकी जांच करवाई जा रही है. वहीं स्टेट टैक्सेस एनफोर्समेंट कठुआ के डिप्टी कमिश्नर जोगिंदर सिंह ने कहा कि इस घटना का उनके विभाग से कोई लेना-देना नहीं है. उनकी टीमें सिर्फ ई-वे बिल की रैंडम चेकिंग के लिए रहती हैं और सभी को वर्दी में रहने के निर्देश हैं.
वीडियो के बाद पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद कठुआ जिला पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. 28 सितंबर को जिला पुलिस मुख्यालय की तरफ से एक आदेश जारी किया गया. ऑर्डर नंबर 768 ऑफ 2026 में बताया गया कि 27 सितंबर को लखनपुर पुलिस स्टेशन की नाका पार्टी ड्यूटी पर थी. इसी दौरान SPO आमिर-उल-दीन ने ट्रक ड्राइवर से 100 रुपये लिए.
SPO को नौकरी से निकाला गया
जांच में सामने आया कि पैसे लेने वाला शख्स SPO आमिर-उल-दीन है जिसका नंबर 582/SPO है। Dy.SP DAR/DPL कठुआ ने इस मामले में SPO को तुरंत नौकरी से हटाने की सिफारिश की थी. इसके बाद पुलिस ने आमिर-उल-दीन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया. उसका पद खाली घोषित कर दिया गया है. उसे वर्दी, हथियार और सरकारी सामान तुरंत जमा कराने को कहा गया है.
तीन और पुलिसकर्मियों पर भी जांच
इस मामले में सिर्फ SPO पर ही कार्रवाई नहीं हुई है. उसी नाके पर ड्यूटी कर रहे तीन अन्य पुलिसकर्मियों पर भी विभागीय जांच बैठा दी गई है. इनमें HC ध्रुव सिंह, ASI ज्ञान चंद और 19 J&KAP IR के सिपाही शामशेर सिंह शामिल हैं. इन पर ड्यूटी में लापरवाही का आरोप है.
ये भी पढ़ें-अखिलेश के PDA फॉर्मूले में सेंध! ओवैसी ने 150 सीटों पर ठोका दावा, क्या बंट जाएगा मुस्लिम वोट?
SP ऑपरेशन को सौंपी गई जांच
पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी SP ऑपरेशन बॉर्डर एंड कंडी कठुआ को दी गई है. उन्हें J&K Police Manual के नियम 357 और 359 के तहत जांच करके जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही साफ होगा कि वीडियो में दिख रही बातें कितनी सही हैं और आगे क्या कार्रवाई होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

