Katihar Road Accident: कटिहार/रजनीश कुमार: बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. एक तेज रफ्तार बस और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर में 13 लोगों की असमय मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. इस हृदयविदारक घटना के बाद केंद्र और राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है.
घटना कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के गेड़ाबाड़ी (गेराबारी) के समीप की है. जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार बस और पिकअप वैन के बीच इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि मौके पर ही 10 लोगों ने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मची चीख-पुकार के बीच घायल 26 लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 3 और लोगों की मौत हो गई. कटिहार के एसपी शिखर चौधरी और डीएम आशुतोष द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया.
एक ही परिवार के 5 सदस्य खत्म
हादसे का शिकार हुए लोग भागलपुर में एक मेले में शिरकत करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि अधिकांश मृतक पूर्णिया जिले के धमदाहा इलाके के रहने वाले थे. इस हादसे ने कई घरों के चिराग बुझा दिए हैं. सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतकों में पांच लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जिससे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है.
प्रशासनिक सक्रियता और मुआवजे का एलान
घटना की सूचना मिलते ही कटिहार डीएम आशुतोष द्विवेदी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया और मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का निर्देश दिया है. वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने भी PMNRF से मृतकों के आश्रितों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है.
ये भी पढ़ें: सुरों की मल्लिका आशा भोंसले का हुआ निधन, चेस्ट इन्फेक्शन के चलते अस्पताल में थीं भर्ती
कटिहार का यह हादसा सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की कमी को एक बार फिर उजागर करता है. मेले की खुशियां लेकर लौट रहे परिवारों के लिए यह सफर आखिरी साबित हुआ. पुलिस ने फिलहाल एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है, ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

