केरल में शादी की रस्मों के दौरान बीमार पड़ीं दो कैटरिंग महिलाओं की मदद के लिए दुल्हन के जोड़े में ही पहुंचीं डॉ. शिरीन सुबैर. (PC- Bharat Express)
Kerala Bride Doctor Video: केरल के कन्नूर में एक डॉक्टर दुल्हन ने शादी के जोड़े में मंडप छोड़कर दो बीमार कैटरing महिला कर्मचारियों को फर्स्ट एड देकर इंसानियत की नई मिसाल पेश की. वीडियो वायरल होने पर हर तरफ उनके इस फर्ज और सादगी की तारीफ हो रही है.
शादी का दिन हर दुल्हन के लिए बेहद खास और खुशियों से भरा होता है, लेकिन केरल में एक दुल्हन ने अपनी शादी की रस्मों से ऊपर उठकर इंसानियत और अपने पेशे के प्रति निष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने सोशल मीडिया पर हर किसी का दिल जीत लिया. भारी-भरकम दुल्हन के लिबास में सजी इस डॉक्टर ने मंडप के जश्न के बीच बीमार पड़ी कैटरिंग स्टाफ की दो महिलाओं की जान बचाई.
शादी की रस्मों के बीच बिगड़ी कैटरिंग स्टाफ की तबीयत
केरल के कन्नूर में डॉ. शिरीन सुबैर और डॉ. रिजाज का विवाह समारोह चल रहा था. इसी दौरान शादी की तैयारियों में जुटी कैटरिंग टीम की दो महिला कर्मचारियों की तबीयत अचानक खराब हो गई. इनमें से एक महिला की नाक से खून बहने लगा, जबकि दूसरी महिला चक्कर आने के कारण बेहोश होने की कगार पर पहुंच गई.
दुल्हन के जोड़े में ही मदद को पहुंचीं डॉ. शिरीन (Bride Treats Patient Wedding Video)
समारोह में मौजूद लोग जानते थे कि शिरीन डॉक्टर हैं. जैसे ही किसी ने उन्हें स्थिति के बारे में बताया, वह भारी-भरकम दुल्हन के लिबास में ही बिना एक पल गंवाए मरीजों के पास पहुंच गईं. शिरीन ओट्टापालम के वल्लुवनाड अस्पताल में इमरजेंसी मेडिसिन से एमडी कर रही हैं. उन्होंने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दोनों का प्राथमिक उपचार शुरू किया.
केरल के कन्नूर में अपनी शादी के बीच डॉ. शिरीन सुबैर ने डॉक्टर का फर्ज निभाया काम कर रही दो महिलाओं की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत प्राथमिक उपचार दिया pic.twitter.com/q6YC4I74Qd
— Anjali Kumari (@AnjaliKumari009) August 22, 2026
फर्स्ट एड देकर महिलाओं की स्थिति संभाली (Emergency First Aid Wedding)
डॉ. शिरीन ने नाक से खून बहने वाली महिला को आगे झुकाकर नाक दबाने और मुंह से सांस लेने की सलाह दी. वहीं, चक्कर खाकर गिर रही दूसरी महिला को लिटाकर उसके पैर ऊपर उठाए ताकि मस्तिष्क तक खून का प्रवाह सही बना रहे. सही समय पर सही उपचार मिलने से दोनों महिलाओं की स्थिति समय रहते संभल गई.
यह कोई असाधारण काम नहीं, सिर्फ डॉक्टर का फर्ज था (Kerala Viral Video)
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जब शिरीन से बात की गई तो उन्होंने बेहद सादगी से कहा कि यह कोई बहुत बड़ी बात नहीं है. सड़क पर या कहीं भी किसी को तकलीफ में देखकर मदद करना हर इंसान का कर्तव्य है. उन्होंने यह भी कहा कि सामान्य लोगों को भी बुनियादी फर्स्ट एड और सीपीआर की जानकारी होनी चाहिए ताकि किसी इमरजेंसी में जान बचाई जा सके.
यह भी पढ़ें-माउंटेन क्लाइंबिंग के शौक बना जानलेवा, स्पैंटिक पीक पर पाकिस्तानी डॉक्टर की गई जान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

