Khalistan Separatist Bomb Threat: दिल्ली में सोमवार को कई जगहों पर बम ब्लास्ट की धमकी मिली. खालिस्तानी ग्रुप के नाम से ईमेल भेजा गया. इसमें दिल्ली विधानसभा, सचिवालय, लाल किला, आर्मी पब्लिक स्कूल और एयरफोर्स बाल भारती स्कूल को निशाना बनाने की बात कही गई. ईमेल में लिखा था- दिल्ली बनेगा खालिस्तान. इससे सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं.
धमकी मिलने के बाद क्या हुआ
सुबह आठ बजे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को उनके पर्सनल ईमेल पर धमकी मिली. दोपहर 12 बजे दिल्ली सचिवालय को भी ऐसा ही ईमेल आया. धमकी में कहा गया कि अगले तीन दिनों में आर्मी स्कूल, लाल किला और मेट्रो स्टेशनों पर विस्फोट हो सकते हैं. अलग-अलग जगहों के लिए समय भी लिखे गए थे जैसे लाल किला सुबह 9:11 बजे, आर्मी स्कूल दोपहर 1:11 बजे और विधानसभा दोपहर 3:11 बजे.
सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई
धमकी मिलते ही बम स्क्वाड, डॉग स्क्वाड और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं. विधानसभा, सचिवालय और लाल किला परिसर की सघन तलाशी हुई. स्कूलों को खाली कराया गया. जांच के बाद कहीं भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. सभी धमकियां फर्जी निकलीं.
मेट्रो और अन्य जगहों पर अलर्ट
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की. एंटी-सैबोटाज चेकिंग, रैंडम तलाशी और यात्रियों की जांच शुरू कर दी गई. सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी गई. पुलिस और अन्य एजेंसियों की बैठकें हुईं. संवेदनशील जगहों पर सतर्कता बरती जा रही है.
पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है. प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी VPN का इस्तेमाल कर रहे हैं. जांच जारी है. पुलिस ने लोगों से शांत रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
यह भी पढ़िए: दिल्ली के मंगोलपुरी में खौफ़नाक मर्डर! सिगरेट देने से किया मना तो दोस्त ने घोंप दिया चाकू
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

