Kolkata Godown Roof Collapse: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के तारातला थाना क्षेत्र में स्थित एक ट्रांसपोर्ट डिपो में बड़ा हादसा हो गया है. डिपो के भीतर बन रहे एक नए गोदाम की छत अचानक भरभराकर सीधे नीचे गिर गई. बताया जा रहा है कि जब ये भीषण हादसा हुआ, उस वक्त गोदाम के अंदर करीब 40 से 45 मजदूर काम कर रहे थे. छत गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई मजदूर मलबे के नीचे ही दफन हो गए.
2 से 3 लोगों की मौत की आशंका, युद्धस्तर पर रेस्क्यू जारी
शुरुआती और स्थानीय सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, मलबे में दबने की वजह से मौके पर ही 2 से 3 मजदूरों की मौत होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है. हादसे की खबर मिलते ही कोलकाता पुलिस की तारातला थाना टीम और पश्चिम बंगाल फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज (फायर ब्रिगेड) की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. राहत और बचाव कार्य काफी तेजी से चलाया जा रहा है. क्रेन और कटर की मदद से भारी मलबे को हटाने की कोशिश की जा रही है ताकि नीचे फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके.
आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार
फिलहाल हादसे वाली जगह पर भारी अफरा-तफरी का माहौल है. मलबे के नीचे अभी भी कितने लोग दबे हुए हैं और इस हादसे में जान गंवाने वालों का सही आंकड़ा क्या है, इसको लेकर अभी तक प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस और बचाव दल का पूरा ध्यान इस वक्त मलबे में फंसे लोगों की जान बचाने पर है.
ये भी पढ़ें: TMC के 22, UBT के 6… पूरे 366 सांसदों के पीछे का क्या है गणित? विपक्ष में टूट के बाद NDA कर रही मैथमेटिक्ल गेम!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





