अंकिता भंडारी हत्याकांड.
Ankita Bhandari Murder Case: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता (Ankita Bhandari) हत्याकांड में आज (30 मई) कोटद्वार न्यायालय फैसला सुनाएगा. यह मामला सितंबर 2022 से ही विचाराधीन है.
आज अदालत सुनाएगी फैसला
अंकिता भंडारी हत्याकांड में कोटद्वार की अदालत शुक्रवार को अपना फैसला सुनाएगी. पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक की 22 साल की अंकिता भंडारी (Ankita Bhandari) की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी. वह यमकेश्वर ब्लॉक में ही बने वनतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थी. फैसले को लेकर कोर्ट परिसर के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग की हुई है. वहीं, कोर्ट के बाहर भारी पुलिस की तैनाती होने की संभावना है.
कब हुई थी Ankita Bhandari की हत्या?
अंकिता भंडारी (Ankita Bhandari) 18 सितंबर 2022 को यमकेश्वर के वनतरा रिजॉर्ट से लापता हो गई थी. छह दिन बाद 24 सितंबर को चीला पावर हाउस इनटेक में नहर से एसडीआरएफ ने अंकिता भंडारी का शव बरामद किया था. इस मामले में पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. पुलकित को मुख्य आरोपी बनाया गया था. मामले के खुलासे को लेकर डीआईजी (कानून-व्यवस्था) पी. रेणुका देवी के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई थी.
एसआईटी जांच के बाद अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में 500 पेज का आरोपपत्र दाखिल किया गया. तीनों हत्यारोपियों, रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, उसके कर्मचारी सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता पर आरोप तय होने के बाद 28 मार्च 2023 से अभियोजन पक्ष की गवाही शुरू हुई. कोटद्वार स्थित एडीजे कोर्ट में 30 जनवरी 2023 को मामले की पहली सुनवाई हुई थी.
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन ‘रूम नम्बर 420’: 34 लाख लोगों वाले शहर के साथ कैसे हुई धोखाधड़ी – Bharat Express पर देखें स्याह सच
करीब दो साल और आठ महीने तक चली सुनवाई में अभियोजन पक्ष की ओर से जांच अधिकारी समेत 47 गवाह अदालत में पेश किए गए. हालांकि एसआईटी ने इस मामले में 97 गवाह बनाए थे, जिनमें से 47 अहम गवाहों को ही अदालत में पेश किया गया. गत 19 मई को अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता विशेष लोक अभियोजक अवनीश नेगी की ओर से बचाव पक्ष की बहस का जवाब देकर सुनवाई का सिलसिला समाप्त किया गया था. अदालत ने दोनों पक्षों की बहस और दलीलें सुनने के बाद फैसला सुनाने के लिए 30 मई की तिथि निर्धारित की थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

