लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने भारतीय सेना की उत्तरी कमान (Northern Command) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) का कार्यभार संभाल लिया.
लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा एक सम्मानित अधिकारी हैं. वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) खडकवासला, भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून और डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (DSSC) वेलिंगटन के पूर्व छात्र रहे हैं. दिसंबर 1987 में उन्होंने मद्रास रेजीमेंट में कमीशन प्राप्त किया था. वह हायर कमांड कोर्स के साथ-साथ नेशनल डिफेंस कॉलेज, नई दिल्ली से भी प्रशिक्षित हैं.
जनरल शर्मा का सैन्य सेवा में व्यापक संचालनात्मक अनुभव रहा है. उन्होंने नियंत्रण रेखा (LoC) पर एक इन्फैंट्री बटालियन, ब्रिगेड और डिवीजन की कमान संभाली है, साथ ही पश्चिमी सेक्टर में एक स्ट्राइक कोर का नेतृत्व भी किया है.
नव नियुक्ति के बाद पहला संदेश
स्टाफ और प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी उन्होंने कार्य किया है, जिनमें संयुक्त राष्ट्र मिशन में स्टाफ अधिकारी की भूमिका और सेना मुख्यालय के मिलिट्री ऑपरेशंस निदेशालय एवं मिलिट्री सेक्रेटरी ब्रांच में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ शामिल हैं. कार्यभार ग्रहण करने से पहले वह सेना के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) और उप सेना प्रमुख (रणनीति) के पद पर आसीन थे.
कमान संभालने के बाद, लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने सभी सैन्य रैंकों को शुभकामनाएँ दीं और अपने पूर्ववर्तियों द्वारा स्थापित उत्कृष्ट परंपराओं और उत्तरी कमान के सभी रैंकों के समर्पण को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.
ये भी पढ़ें: युवा मुख्यमंत्री हैं योगी, इनके शासन में यूपी का विकास शोध का विषय: जगदीप धनखड़
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

