आडवाणी की तबीयत को लेकर बड़ा अपडेट
LK Advani Health Update: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और देश की राजनीति के सबसे अनुभवी चेहरों में शामिल लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया. 98 वर्षीय नेता को सीने में संक्रमण की शिकायत होने के बाद डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. उनकी तबीयत को लेकर सामने आई जानकारी के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है.
अस्पताल ने बताया कैसी है मौजूदा स्थिति
शनिवार को अपोलो अस्पताल की ओर से उनके स्वास्थ्य संबंधी ताजा जानकारी साझा की गई. अस्पताल प्रशासन के अनुसार आडवाणी की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है. उन्हें शुक्रवार शाम लगभग 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था, जहां जांच के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उन्हें भर्ती करने का फैसला लिया.
अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण की वजह से फिलहाल उनका उपचार आईसीयू में किया जा रहा है. उनकी चिकित्सा वरिष्ठ न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में चल रही है. साथ ही पल्मोनरी विभाग के डॉक्टर भी उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा पहुंचे अस्पताल
आडवाणी की तबीयत की जानकारी लेने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे अपोलो अस्पताल पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी अपडेट हासिल किया और इलाज की स्थिति की जानकारी ली.
बीजेपी के वरिष्ठ नेता की सेहत पर पार्टी नेतृत्व लगातार नजर बनाए हुए है. अस्पताल प्रशासन भी उनके स्वास्थ्य से जुड़ी हर जरूरी जानकारी पर करीबी निगरानी रख रहा है.
इस साल पहले भी अस्पताल में भर्ती हुए थे
यह पहला मौका नहीं है जब बढ़ती उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य परेशानियों के कारण आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा हो. इससे पहले इसी वर्ष मई महीने में भी उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उस समय उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ था और कुछ दिनों बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी.
हाल ही में पीएम मोदी ने किया था मुलाकात
इसी महीने 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित लालकृष्ण आडवाणी के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी. यह मुलाकात प्रधानमंत्री के तौर पर अपने 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आशीर्वाद लेने के लिए हुई थी.
बाद में प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा था कि उन्होंने आडवाणी जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. साथ ही उन्होंने सार्वजनिक जीवन में उनके लंबे योगदान और देश सेवा की सराहना करते हुए कहा था कि भारत के विकास और प्रगति की दिशा मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
कराची से दिल्ली तक, राजनीति में बनाई अलग पहचान
लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था, जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है. भारतीय राजनीति में उन्हें बीजेपी के प्रमुख रणनीतिकारों और संगठन निर्माताओं में गिना जाता है.
पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने में उनका योगदान बेहद अहम माना जाता है. उन्होंने कई बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली. वर्ष 1990 में निकली उनकी राम रथ यात्रा भारतीय राजनीति की सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल रही, जिसने बीजेपी के जनाधार को व्यापक स्तर पर बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई.
ये भी पढ़ें-रूल ऑफ माफिया खत्म, कानून का राज कायम; युवा वकीलों को सीएम योगी की बड़ी सीख
भारत रत्न से भी हो चुके हैं सम्मानित
देश और सार्वजनिक जीवन में उनके लंबे योगदान को देखते हुए वर्ष 2024 में लालकृष्ण आडवाणी को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया था. वर्तमान में उनकी सेहत पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर रखे हुए है और अस्पताल के मुताबिक उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




