बिहार विधानसभा चुनाव 2025
Bihar Assembly Elections: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. सत्ता पक्ष और विपक्ष अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं. इसी के तहत इंडिया गठबंधन ने पटना में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के आवास पर एक अहम बैठक की. 6 घंटे तक चली इस बैठक में सीट बंटवारा सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई. तेजस्वी यादव के आवास पर आयोजित हुई इस बैठक में कांग्रेस, वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) और लेफ्ट पार्टियों ने हिस्सा लिया.
बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया को संबोधित किया. जिसमें उन्होंने सीट बंटवारे के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जब सबकुछ तय हो जाएगा तो इसकी जानकारी दे दी जाएगी.
एनडीए कर रही महागठबंधन की योजनाओं की कॉपी
तेजस्वी यादव ने इस दौरान एनडीए पर जमकर हमला बोला. उन्होंने नीतीश सरकार पर महागठबंधन की योजनाओं को कॉपी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि, हमने युवाओं और बुजुर्गों के लिए पेंशन बढ़ाने की बात कही थी. जिसे अब ये लोग कॉपी कर रहे हैं. मुझे उम्मीद है कि ये हमारी ‘माई बहन सम्मान योजना’ को भी कॉपी करेंगे.
गौरतलब है कि, तेजस्वी यादव ने आरजेडी की सरकार बनने पर राज्य में महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया है.
चिराग पासवान पर कसा तंज
वहीं तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा, चिराग पासवान को दिल्ली जाकर बताना चाहिये कि बिहार में जंगलराज है. पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए सरकार से जनता ऊब चुकी है. उनके पास ना तो कोई स्पष्ट विजन है और ना ही कानून-व्यवस्था को लेकर समझदारी है.
ये भी पढ़ें- Tiruvallur Train Burning: तमिलनाडू के तिरुवल्लूर में डीजल से लदी मालगाड़ी में भीषण आग, 3 टैंकर धूृ-धू कर जले
बिहार कांग्रेस के प्रभारी भी रहे मौजूद
तेजस्वी यादव के आवास पर हुई बैठक में बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, वीआईपी के मुकेश साहनी और वामदलों के नेता शामिल हुए. बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि सीटों को लेकर बातचीत हो रही है, लेकिन अभी इसे साझा नहीं किया जा सकता.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



