महाराष्ट्र सरकार ने तीन प्रमुख हवाई अड्डों के नाम बदलने का ऐलान कर दिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को बताया कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम अब दिवंगत नेता और सामाजिक कार्यकर्ता लोकनेते डीबी पाटिल के नाम पर रखा जाएगा. डीबी पाटिल को उनके सामाजिक कार्यों और परियोजना से प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए जाना जाता है.
सीएम और पीएम की मुलाकात
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई कि इस प्रस्ताव को लेकर फडणवीस ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. पीएम ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और जल्द ही इस नामकरण को मंजूरी मिलने की उम्मीद है.
इसके भी बदलेंगे नाम
इसके अलावा, पुणे एयरपोर्ट का नाम जगद्गुरु संत तुकाराम के नाम पर रखने का प्रस्ताव है. वहीं, औरंगाबाद एयरपोर्ट का नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखा जाएगा. गौरतलब है कि राज्य सरकार पहले ही औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर कर चुकी है.
सीएम फडणवीस का क्या कहना है?
सीएम फडणवीस ने बताया कि इन नामों को राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों और राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल चुकी है. अब यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र को नाम बदलने पर कोई आपत्ति नहीं है और जल्द ही अंतिम मंजूरी मिल जाएगी.
आधिकारिक घोषणा कब की जाएगी?
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन एयरपोर्ट के नए नामों की आधिकारिक घोषणा तब की जाएगी जब वहां से यात्री उड़ानों का संचालन शुरू होगा. हाल के दिनों में इन नामों को लेकर जनता की मांग तेज हुई थी, जिसे देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

