Mahmood Madani jihadi Speech: जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख मौलाना महमूद मदनी के सांप्रदायिक बयान पर अब विवाद शुरू हो गया है. भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने मदनी को आइना दिखाते हुए भारत को मुसलमानों के लिए सबसे सुरक्षित देश बताया. उन्होंने कहा कि मुसलमानों के लिए भारत दुनिया का सबसे सुरक्षित देश है.
गौरतलब है कि शनिवार को मौलाना महमूद मदनी ने विवादित बयान देते हुए देश के वर्तमान हालातों को संवेदनशील और चिंताजनक बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि एक खास समुदाय को जबरदस्ती निशाना बनाया जा रहा है. इस दौरान महमूद मदनी ने भड़काउ बयान देते हुए कहा कि जब-जब जुल्म होगा, तब-तब जिहाद होगा.
मदनी को अपराधियों की श्रेणी में रखा जाए- मनोज तिवारी
इस पर पलटवार करते हुए भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “ऐसे बयान देने वालों को अपराधियों की श्रेणी में रखा जाना चाहिए.” सांसद ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे सुरक्षित देश है. कुछ लोग हैं, जो जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं. ऐसे बयान देने वाले लोग अपने ही समुदाय की छवि खराब करते हैं.
मदनी का बयान राष्ट्र के लिए चुनौती- वीएचपी
महमूद मदनी के बयान पर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “ये सभी बयान भारत के राष्ट्र, धर्म, संस्कृति, न्याय व्यवस्था, शासन और प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती हैं. वे अपने ही मुस्लिम समुदाय के युवाओं और कट्टर मुस्लिम कट्टरपंथियों को जिहाद के नाम पर भड़का रहे हैं.”
विनोद बंसल ने महमूद मदनी से पूछे सवाल
विनोद बंसल ने कहा, “महमूद मदनी को बताना चाहिए कि दिल्ली ब्लास्ट में शामिल डॉक्टर उमर पर कौन-सा अन्याय हुआ. जितने भी आतंकवादी भारत और भारत के बाहर पकड़े गए हैं, क्या उन सभी के साथ जुर्म हुआ? महमूद मदनी सीधे कहें कि वे आतंकवादियों के साथ खड़े हैं.”
ये भी पढ़ें- जी-20 का बदला जी-20! फिर एक्शन में आए डोनाल्ड ट्रंप, दक्षिण अफ्रीका क्या बोले?
वीएचपी ने मुस्लिम समुदाय से की खास अपील
उन्होंने मांग उठाई कि महमूद मदनी के खिलाफ शासन-प्रशासन को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए. इसके साथ ही, वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें ऐसे कट्टरपंथी मौलानाओं से दूरी बना लेनी चाहिए, क्योंकि यही एक दिन उन्हें आरडीएक्स बांधकर ब्लास्ट करने के लिए मजबूर कर देंगे.
वहीं, अयोध्या स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने मौलाना महमूद मदनी के बयान पर पलटवार किया. उन्होंने महमूद मदनी की सोच को गलत ठहराया और कहा कि ऐसे लोग चाहते हैं कि भारत एक इस्लामिक देश बने.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




