Maoist movement: भारत में माओवादी या नक्सल आंदोलन, जो कभी “जनयुद्ध” और “क्रांति” की अवधारणा पर टिका था, आज वैचारिक भ्रम, आंतरिक असहमति और नेतृत्व के संकट में उलझा हुआ दिखता है. हाल में माओवादी संगठन के देवजी गुट की ओर से जारी धमकी भरे पत्र ने इस अंतर्विरोध को न केवल उजागर किया है, बल्कि यह संकेत भी दिया है कि संगठन अपने भीतर उभरती अस्थिरता को संभालने में विफल हो रहा है.
Maoist movement: वैचारिक आंदोलन से हिंसक संघर्ष तक
नक्सल आंदोलन की जड़ें 1967 के नक्सलबाड़ी विद्रोह से जुड़ी हैं, जब भूमि सुधार और सामाजिक न्याय के सवालों ने इसे एक जनआंदोलन का रूप दिया था. परंतु समय के साथ यह आंदोलन अपनी वैचारिक धारा से हटकर हिंसा, वसूली और हथियारबंद गतिविधियों में सिमटता गया. राज्य की बढ़ती जवाबी कार्रवाई, विकास योजनाओं का विस्तार और ग्रामीण जनसमर्थन में कमी ने इसे लगातार कमजोर किया.
देवजी गुट, जो अब केंद्रीय नेतृत्व का एक प्रभावशाली हिस्सा था, लंबे समय से संगठन में रणनीतिक दिशा और विचारधारा को लेकर मतभेदों से जूझ रहा था. भूपति और सतीश जैसे वरिष्ठ कैडर उन्हीं के महत्वपूर्ण सदस्य थे.
Maoist movement : गद्दारी का आरोप
हाल ही में जारी माओवादी केंद्रीय समिति के पत्र में संगठन ने भूपति और सतीश (रूपेश) पर “गद्दारी” और “राज्य के साथ मिलीभगत” का आरोप लगाया है.
पत्र में यह कहा गया कि दोनों ने आत्मसमर्पण कर संगठन के सिद्धांतों से धोखा किया है और उन्हें “सजा” दी जाएगी. लेकिन यह कठोर भाषा संगठन की कमजोरी को अधिक उजागर करती है.
विचारधारात्मक रूप से स्थिर संगठन अपने आलोचकों या त्यागपत्र देने वालों को इस तरह धमकाने की बजाय आत्ममंथन करता है. इस दृष्टि से यह बयान संगठन की वैचारिक असुरक्षा और भीतरी अविश्वास का प्रमाण है.
आत्मसमर्पण: आंतरिक एकता को लगा झटक
भूपति और सतीश, दोनों संगठन के अनुभवी रणनीतिकार और फील्ड ऑपरेशनों में अहम भूमिका निभाने वाले कैडर थे.
उनके आत्मसमर्पण ने निचले स्तर के कैडर में भ्रम और भय दोनों पैदा किए हैं. (Maoist movement)
पत्र में स्वयं यह स्वीकार किया गया कि आत्मसमर्पण से संगठन की “आंतरिक एकता को गहरी क्षति” पहुंची है.
यह स्वीकारोक्ति ही इस बात का प्रमाण है कि संगठन अब वैचारिक नियंत्रण खो रहा है. कई जानकारों का मानना है कि माओवादियों के भीतर यह “आत्मसमर्पण लहर” केवल बाहरी दबाव का परिणाम नहीं, बल्कि संगठन के अंदरूनी असंतोष का संकेत भी है. (Maoist movement)
Maoist movement : जनता से दूर होता आंदोलन
कभी छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में माओवादी प्रभाव बहुत गहरा था. परंतु पिछले एक दशक में जनसंगठनों, पंचायतों और ग्रामीण समुदायों ने हिंसा से दूरी बनानी शुरू कर दी है. सरकार की पुनर्वास योजनाएँ, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी विकास परियोजनाओं ने धीरे-धीरे उस खालीपन को भर दिया है, जिसे पहले माओवादी “जनहित” के नाम पर नियंत्रित करते थे.
Maoist movement : असुरक्षित मनोविज्ञान
संगठन का जनता से यह कहना कि “ऐसे गद्दारों को पहचानें और उनसे सावधान रहें” वास्तव में इस बात का प्रतीक है कि अब जनसमर्थन की जमीन खिसक चुकी है.
माओवादी नेतृत्व का जनता के बीच यह भाषा अपनाना, उनके असुरक्षित मनोविज्ञान को दर्शाता है.
वैचारिक संघर्ष या अस्तित्व की लड़ाई?
माओवादी नेता इसे “विचारधारात्मक विचलन” कहकर प्रस्तुत करते हैं, पर वस्तुतः यह अस्तित्व का संकट है. राज्य की सुरक्षा एजेंसियों का दबाव, सूचना नेटवर्क की कमजोरी, और स्थानीय समुदायों की नई आकांक्षाएँ, इन सबने माओवादी आंदोलन की जड़ों को कमजोर कर दिया है.
जहाँ कभी “सशस्त्र संघर्ष” क्रांतिकारी रोमांच का प्रतीक था, आज वही संघर्ष एक थकाऊ और दिशा-विहीन लड़ाई बन गया है.
युवा कैडर अब विचारधारा से अधिक सुरक्षा, रोज़गार और स्थिरता की तलाश में हैं ,जो इस आंदोलन की मूल धारा से बिल्कुल अलग है.
Maoist movement : भय या आत्मसमीक्षा?
भूपति और सतीश के आत्मसमर्पण के बाद संगठन की प्रतिक्रिया, धमकी और प्रतिशोध बताती है कि नेतृत्व आत्ममंथन के बजाय भय और अनुशासन के रास्ते पर चल पड़ा है. यह प्रवृत्ति अल्पकालिक रूप से नियंत्रण तो बनाए रख सकती है, पर दीर्घकालिक रूप से संगठन के विघटन को और तेज करेगी.
यदि माओवादी नेतृत्व अपने भविष्य को बचाना चाहता है, तो उसे अपने भीतर झाँकना होगा, क्योंकि अब यह केवल वैचारिक संघर्ष नहीं रहा, बल्कि यह तय करेगा कि क्या माओवादी आंदोलन भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पुनः संवाद का हिस्सा बनेगा या पूरी तरह इतिहास के पन्नों में सिमट जाएगा.
माओवादियों के लिए एक बड़ी चुनौती
माओवादी आंदोलन आज एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है,
जहाँ विचारधारात्मक प्रतिबद्धता और व्यावहारिक वास्तविकता के बीच की खाई लगातार चौड़ी होती जा रही है.
भूपति और सतीश का आत्मसमर्पण केवल दो व्यक्तियों का निर्णय नहीं, बल्कि उस वैचारिक संक्रमण का संकेत है जिसमें माओवादी आंदोलन धीरे-धीरे अपने अस्तित्व की लड़ाई हार रहा है.
वास्तविक चुनौती अब यह नहीं कि संगठन “कितना लड़ सकता है”, बल्कि यह है कि वह “कितना बदल सकता है”.
यदि आत्मसमीक्षा और संवाद की राह नहीं अपनाई गई, तो आने वाले वर्षों में माओवादी आंदोलन केवल एक ऐतिहासिक अध्याय बनकर रह जाएगा, एक ऐसा अध्याय, जिसमें आदर्शों की जगह असहमति और हिंसा ने ले ली.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

