Mehrauli kidnapping case update
Mehrauli kidnapping case update: साउथ दिल्ली के महरौली इलाके से सोमवार तड़के अगवा की गई एक 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची का शव गुरुग्राम की अरावली पहाड़ियों से बरामद हुआ है. पुलिस के मुताबिक, एक 30 वर्षीय टैक्सी ड्राइवर ने बच्ची को जबरन उठा लिया था और उसके साथ बलात्कार करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस की तत्परता के चलते आरोपी ड्राइवर को वारदात के महज 6 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया गया है.
फुटपाथ से सोते हुए किया अगवा
आपको बता दें कि दिल दहला देने वाली यह वारदात सोमवार सुबह करीब 5 बजे की है. पीड़िता महरौली इलाके में अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी. इसी दौरान आरोपी टैक्सी ड्राइवर वहां पहुंचा और सो रही मासूम को जबरन अपनी टैक्सी में डालकर फरार हो गया. सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो बच्ची को गायब देख उनके होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी गई.
अरावली की पहाड़ियों में मिला शव
आरोपी बच्ची को दिल्ली से सटे गुरुग्राम (गुड़गांव) की अरावली पहाड़ियों में सुनसान जगह पर ले गया. वहां उसने मासूम के साथ बलात्कार की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और पहचान छुपाने व पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव को वहीं फेंककर फरार हो गया। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने जब झाड़ियों में बच्ची का शव देखा, तो तुरंत गुरुग्राम पुलिस को सूचित किया.
यह भी पढ़ें: मेसी का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप रिकॉर्ड खतरे में! एम्बाप्पे ने की क्लोज की बराबरी, अब सिर्फ 2 गोल दूर इतिहास रचने से
6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, सफदरजंग में पोस्टमार्टम
गुरुग्राम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और तुरंत इसकी सूचना महरौली थाना पुलिस को दी. दोनों राज्यों की पुलिस ने तालमेल बिठाकर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से महज 6 घंटे के भीतर 30 वर्षीय आरोपी टैक्सी ड्राइवर को दबोच लिया.पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, बलात्कार, हत्या और पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस जघन्य अपराध ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में फुटपाथ पर रहने वाले बेसहारा परिवारों और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

