मेवात में कई गांवों में कैंसर मरीज पाये गए हैं.(तस्वीर- AI जेनरेटेड)
Mewat Cancer Capital Of Haryana: कभी साहस, स्वाभिमान और प्रतिरोध की भूमि कहा जाने वाला हरियाणा का मेवात आज कैंसर जैसी भयानक बीमारी की चपेट में है. अबतक कई गांवों में कैंसर के मरीज मिले हैं. जिसने हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की नींदें उड़ा दी है.
कैंसर के अधिकांश मामले उन जगहों से आ रहे हैं. जहां से ड्रेन निकल रही हो या बूचड़खाने मौजूद हैं. इसकी लंबे समय से जांच की मांग की जा रही थी. अब स्वास्थ्य विभाग ने इन इलाकों की जांच करने की योजना बना रहा है.
नूंह और पुन्हाना ब्लॉक के गांवों में ज्यादा मामले
ज्यादातर मामले नूंह और पुन्हाना ब्लॉक के गांवों से आ रहे हैं. ये वो गांव हैं जिनके खेतों में उजीना ड्रेन के पानी से फसलों की सिंचाई होती है.
कैनाल के आसपास मौजूद हैं बूचड़खाने
उजीना ड्रेन गुड़गांव कैनाल से जुड़ा हुआ है. उजीना ड्रेन के आसपास बूचड़खाने और हड्डी पीसने वाले प्लांट मौजूद हैं. ग्रामीणों का कहना है कि गुड़गांव कैनाल का कैमिकल युक्त जहरीला पानी ही कैंसर फैलने की मुख्य वजह है.
नूंह विधायक उठा चुके हैं सवाल
मेवात में तेजी से फैल रहे कैंसर को लेकर नूंह के विधायक आफताब अहमद विधानसभा में भी सवाल उठा चुके हैं. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को भी सवालों के घेरे में लिया. उनका कहना है कि एक साल पहले भारी दबाव बनाने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने टपकन गांव की सैंपलिंग की थी. लेकिन उसका परिणाम क्या आया, नहीं पता.
ये भी पढ़ें- अनिल अंबानी ग्रुप की 3,084 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच, पाली हिल स्थित घर भी शामिल
टपकन गांव में हैं सबसे ज्यादा मरीज
सबसे ज्यादा कैंसर के मरीज नूंह के टपकन गांव में हैं. एक साल पहले तक गांव में 25 से ज्यादा पेशेंट थे. इसके अलावा झारकोड़ी, बिछोर, रीगड फिरोजपुर झिरका, निजामपुर इत्यादी गांवों में भी कैंसर के मरीज हैं.
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार मेवात के 9 गांवों में अबतक 100 से ज्यादा कैंसर के मरीज आ चुके हैं. जिसमें से 30 लोगों की मौत हो चुकी है.
डीसी ने दिये सैंपलिंग के आदेश
नूंह डीसी अखिल पिलानी दो दिनों पहले पिनगवां ब्लॉक के फैलेंडी गांव में रात में ठहराव किया था. जहां लोगों ने उनसे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को लेकर शिकायत की थी. जिसके बाद डीसी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जांच के आदेश दिये हैं. डीसी के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अब इन इलाकों में कैंसर पीड़ितों से लेकर पानी के सैंपलिंग करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


