Bharat Express DD Free Dish

मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच पीएम मोदी ने बेंजामिन नेतन्याहू से की बातचीत, कही ये बात

Iran US Conflict: मध्य पूर्व में हालात बिगड़ने पर पीएम मोदी ने इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और यूएई राष्ट्रपति से फोन पर बात की.

Iran US Conflict: मध्य पूर्व में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. इसी बीच रविवार देर रात पीएम नरेंद्र मोदी ने इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की. दोनों नेताओं ने मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की. पीएम मोदी ने भारत की चिंताओं को साझा करते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सबसे अहम है और शत्रुता को जल्द खत्म करना जरूरी है.

यूएई के साथ भारत की एकजुटता

पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बातचीत की. उन्होंने खाड़ी देश पर हुए हमलों की निंदा की और कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है. पीएम ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति का आभार जताया और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता पर जोर दिया.

ईरान के हमले का दायरा बढ़ा

ईरान के हमले अब ओमान तक पहुंच गए हैं, जो पहले इस संघर्ष से दूर था और पश्चिम के साथ बातचीत का माध्यम माना जाता था. सऊदी अरब ने अपनी राजधानी रियाद और पूर्वी इलाकों पर हुए हमलों को नाकाम करने का दावा किया. साथ ही कहा कि उसने अपने भूभाग या हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल ईरान को निशाना बनाने के लिए नहीं होने दिया.

कई देशों ने रोके मिसाइल और ड्रोन

जॉर्डन ने बताया कि उसने ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में सफलता पाई. इसी तरह कुवैत, बहरीन और कतर ने भी ईरान के मिसाइल हमलों को रोकने का दावा किया. ईरान के विदेश मंत्री ने इन हमलों के लिए अमेरिका और इजराइल को जिम्मेदार ठहराया और खाड़ी देशों से आग्रह किया कि वे वॉशिंगटन और तेल अवीव पर दबाव डालें ताकि युद्ध को समाप्त किया जा सके.

ये भी पढ़ें-मिडिल ईस्ट में महायुद्ध! ईरान ने दागीं 4 मिसाइलें, निशाने पर 90 फाइटर जेट्स वाला अमेरिकी समुद्री किला

हालात तेजी से बदल रहे हैं और क्षेत्रीय देशों की सुरक्षा चिंताएं बढ़ रही हैं. भारत ने स्पष्ट किया है कि उसकी प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा और शांति बहाली है. पीएम मोदी की कूटनीतिक सक्रियता इस बात का संकेत है कि भारत मध्य पूर्व में स्थिरता और संवाद को अहम मानता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read