Bharat Express DD Free Dish

वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और उनके परिवारों की निजता का सम्मान करें: रक्षा मंत्रालय ने मीडिया को जारी की एडवाइजरी

रक्षा मंत्रालय ने मीडिया से अपील की है कि वे वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और उनके परिवारों की निजता का सम्मान करें, खासकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों के दौरान. मंत्रालय ने इसे अपमानजनक और सुरक्षा के लिए खतरा बताया है.

J&K Terrorist encounter Indian Army

रक्षा मंत्रालय ने मीडिया संगठनों से अपील की है कि वे वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और उनके परिवारों की निजता का पूरा सम्मान करें, खासकर मौजूदा ऑपरेशनों के दौरान जब उनका सार्वजनिक जीवन अधिक सुर्खियों में होता है. यह एडवाइजरी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे ongoing अभियानों के दौरान मीडिया की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए जारी की गई है.

एडवाइजरी में कहा गया है कि सेना, नौसेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी अपने नेतृत्व के कारण सार्वजनिक नजरों में रहते हैं, लेकिन हाल के दिनों में उनके पेशेवर जीवन से आगे बढ़कर मीडिया का ध्यान उनके निजी जीवन और परिवारों तक पहुंच गया है. मंत्रालय ने चिंता जताई है कि कुछ पत्रकारों द्वारा इन अधिकारियों के घरों तक जाकर परिवार वालों से संपर्क करने और निजी जानकारी जुटाने की कोशिश की गई.

मंत्रालय ने इस प्रकार की गतिविधियों को अनुचित और अपमानजनक बताया है जो अधिकारियों और उनके परिवारों की गरिमा, निजता और सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं. एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि भले ही अधिकारी सार्वजनिक जीवन में हों, उनके परिवार आम नागरिक हैं और उनकी निजता का सम्मान किया जाना चाहिए.

रक्षा मंत्रालय ने सभी मीडिया संस्थानों से निम्नलिखित निर्देशों का पालन करने को कहा है:

  • बिना आधिकारिक अनुमति के किसी भी सैन्य अधिकारी या उनके परिवार के सदस्यों के घर जाने या संपर्क करने से बचें.
  • परिवारों के पते, तस्वीरें या अन्य निजी विवरणों को प्रकाशित या प्रसारित न करें.
  • कवरेज को पेशेवर और ऑपरेशनल मुद्दों तक सीमित रखें और निजी मामलों पर अटकलें न लगाएं.
  • सक्रिय सैन्य अभियानों या संवेदनशील सुरक्षा स्थितियों के दौरान गोपनीयता की सीमाओं का विशेष ध्यान रखें.

मंत्रालय ने यह भी दोहराया कि वह मीडिया के साथ पारदर्शी और रचनात्मक संवाद के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन साथ ही मीडिया से जिम्मेदार पत्रकारिता मानकों को बनाए रखने और देश की सेवा करने वाले सैन्यकर्मियों एवं उनके परिवारों की गरिमा और निजता का सम्मान करने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: आय से अधिक संपत्ति मामला: 7 करोड़ से अधिक की संपत्ति अटैच, आयकर विभाग के पूर्व अफसर पर CBI की बड़ी कार्रवाई

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read