Miss and Mrs United Nations 2026: राजधानी दिल्ली के रोहिणी स्थित प्रतिष्ठित क्राउन प्लाजा होटल में अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस एंड मिसेज यूनाइटेड नेशंस 2026’ का गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ. ‘परीसा कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड’ की ओर से आयोजित इस भव्य फैशन और ब्यूटी पेजेंट का उद्देश्य कैंसर के प्रति सामाजिक जागरूकता फैलाना तथा महिलाओं के आत्मविश्वास व उनके आत्मसम्मान को वैश्विक मंच प्रदान करना था. इसमें ‘भारत एक्सप्रेस’ न्यूज़ नेटवर्क मीडिया पार्टनर था.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत एक्सप्रेस के सीएमडी उपेंद्र राय को आमंत्रित और सम्मानित किया गया था. उनकी ओर से यह सम्मान शिक्षाविद प्रो. (डॉ.) रचना ने ग्रहण किया. इस दौरान मिस एंड मिसेज यूनाइटेड नेशंस के मंच से प्रो. (डॉ.) रचना ने प्रेरक संदेश भी दिया.
‘महिलाओं को आगे बढ़ाने में पुरुष सहयोग दें’: प्रो. (डॉ.) रचना
सम्मान ग्रहण करने के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए प्रो. (डॉ.) रचना ने महिला सशक्तिकरण और पारिवारिक संतुलन पर अत्यंत विचारणीय संदेश दिया. उन्होंने कहा, ‘आज इस मंच पर आत्मविश्वास और गरिमा के साथ आ रही प्रत्येक महिला के पीछे कहीं न कहीं उनके लाइफ पार्टनर और परिवार का मजबूत सहयोग है.
ऐसे में प्रत्येक पुरुष को अपने घर से ही यह संस्कार और सीख देनी चाहिए कि वे अपनी महिला पार्टनर को आगे बढ़ाने, उनके सपनों को पंख देने और उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने में पूरी सहभागिता निभाएं. महिलाओं की प्रगति तभी संभव है जब समाज और परिवार मिलकर उनका संबल बनें.’
विभिन्न कैटेगरीज में विजेताओं ने जीता खिताब
आयोजक कंपनी ‘परीसा कम्युनिकेशन’ की निदेशक तबस्सुम हक ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर कई देशों की प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और सामाजिक समझ का शानदार प्रदर्शन किया:
मिस यूनाइटेड नेशंस: रूस की झन्ना निकोलेवा (Zhanna Nikolaeva) ने मिस यूनाइटेड नेशंस का मुख्य खिताब अपने नाम किया. वहीं नेपाल की इस्नेहा राउत (Isneha Raut) फर्स्ट रनर-अप और मंगोलिया की विक्टोरिया पोपोवा (Victoriia Popova) सेकंड रनर-अप घोषित की गईं.
मिसेज कैटेगरी: इस वर्ग में भी रूस की विक्टोरिया खारितोनोवा (Victiroa Kharitonova) विजेता रहीं. कजाखस्तान की उलार सरमुखानोवा प्रथम उपविजेता बनीं, जबकि रूस की सेनिया फिलिपोवा और अनास्तासिया माराकताएवा ने संयुक्त रूप से द्वितीय उपविजेता का खिताब हासिल किया.
इलीट कैटेगरी: कजाखस्तान की अक्तोती ओस्पानोवा (Aktoty Ospanova) ने कड़े मुकाबले के बीच इलीट क्राउन जीता. ओल्गा स्टेपानोवा और एकातेरिना जिमिना प्रथम उपविजेता, जबकि अन्ना कियाश्को और ओल्गा पेरेयादोवा द्वितीय उपविजेता रहीं.
क्लासिक कैटेगरी: भारत के लिए गौरव का पल लाते हुए महाराष्ट्र की डॉ. श्रुति स्वालखे (Dr. Shruti Swalakhe) ने क्लासिक वर्ग का ताज जीता. इस श्रेणी में रेशमा गादरे प्रथम रनर-अप और रितुजा जगदाले द्वितीय रनर-अप रहीं.
क्वीन कैटेगरी: मारिया फिलिना (Maria Filina) क्वीन चुनी गईं. इरिना रिनचिनोवा प्रथम रनर-अप रहीं, जबकि रजनी पाटिल और तमारा रोस्का ने संयुक्त रूप से द्वितीय रनर-अप का स्थान प्राप्त किया.
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कैंसर पीड़ितों के प्रति संवेदना के संकल्प के साथ इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन का सफलतापूर्वक समापन हुआ.
यह भी पढ़ें: हवा में मचा हड़कंप; इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक से लगी आग, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


