Bharat Express DD Free Dish

‘ये बच्चा चोर है..’, अफवाह उड़ते ही मंदसौर में बुजुर्ग को लोगों ने रस्सी से बांधकर पीटा, लात-घूंसे मारे; Video वायरल

मध्यप्रदेश के मंदसौर शहर में एक बुजुर्ग को बच्चा चोर होने के शक में भीड़ ने बेरहमी से पीटा.लोगों ने उसे रस्सी से बांधकर लात-घूंसों से मारपीट की. घटना का वीडियो मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. मामले में पुलिस का कहना है कि उन्हें कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.

MP Mandsaur news

प्रदीप/मंदसौर: मध्यप्रदेश के मंदसौर के नरसिंहपुर इलाके में बच्चा चोर होने के शक में एक बुजुर्ग व्यक्ति की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई कर दी. लोगों ने उसे रस्सी से बांधकर सड़क पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की. घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई.

पूछताछ में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आए और किसी ने भी औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई. जानकारी में सामने आया है कि संबंधित बुजुर्ग मानसिक रूप से अस्वस्थ है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है. चलिए जानते है पूरा मामला:

घटना का पूरी जानकारी

जानकारी के मुताबिक यह मामला मंदसौर शहर के नरसिंहपुर इलाके का है. यहां एक बुजुर्ग व्यक्ति क्षेत्र में घूमता हुआ दिखाई दिया. इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर होने के शक में पकड़ लिया. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और बिना किसी ठोस पुष्टि के लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी.

भीड़ ने बुजुर्ग को रस्सी से बांधकर सड़क पर गिरा दिया और लात-घूंसे बरसाए. पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई. पूछताछ के दौरान वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी क्षेत्र में घूमते देखा गया है और इसी शक के आधार पर उसकी पिटाई की गई.

पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष ने मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. पूछताछ में भी कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आए. शिकायत के अभाव में संबंधित व्यक्ति को छोड़ दिया गया.

पुलिस की अपील

प्राथमिक जानकारी में बुजुर्ग को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है. वहीं, मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें. कानून को अपने हाथ में लेने से बचें और शांति व्यवस्था बनाए रखें.

यह भी पढ़े: दिल्ली के मंगोलपुरी में खौफ़नाक मर्डर! सिगरेट देने से किया मना तो दोस्त ने घोंप दिया चाकू

-भारत एक्सप्रेस

Written By: Shubhra Rai (Intern)



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read