भोपाल: मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर सेवा के कार्यों को किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाशिये पर खड़े लोगों को सशक्त करने की दिशा में कई उल्लेखनीय कदम उठाए हैं. भाजपा विधायक ने बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस बात को मानते हैं कि उनका जन्म इस देश के गरीबों और किसानों के कल्याण के लिए हुआ है. निसंदेह इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि उन्होंने अपने कार्यकाल के समाज के पिछड़े और हाशिए पर खड़े लोगों को सशक्त करने की दिशा में कई प्रकार के उल्लेखनीय कदम उठाए हैं, जिन्हें शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म ही समाज में चहुंओर विकास की बयार बहाने के लिए हुआ है. उन्होंने सेना को भारतीय हथियारों से लैस किया. उन्हें हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो.
सफाई अभियान सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कुल मिलाकर देखें तो प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व में हमें सेवा का भाव नजर आता है. इसी को देखते हुए हम लोग उनके जन्मदिन पर सेवा से संबंधित कार्यों में तेजी लाने की दिशा में काम करेंगे. हम समाज में अंतिम पंक्ति तक बैठे लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम करेंगे. इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर कई निर्धारित कार्यक्रमों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस खास मौके पर हम सफाई अभियान की शुरुआत करेंगे. लोगों से स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने की अपील करेंगे.
उनके जन्मदिन के मौके पर 75 पौधारोपण करेंगे. कुल मिलाकर प्रधानमंत्री मोदी का जन्म गरीब और किसान के जन्मदिन के रूप में मनाया जाएगा. इस खास मौके पर कई प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसे हम सेवा पखवाड़े के रूप में मनाएंगे.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



