जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से मारपीट व छेड़खानी के वायरल वीडियो के बाद अब सोशल मीडिया पर एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसे बिहार में सड़क पर चलती लड़की के अपहरण की घटना बताकर शेयर किया जा रहा है. वीडियो में ढकी हुई नंबर प्लेट वाली बोलेरो गाड़ी से कुछ लोग लड़की को जबरदस्ती ले जाते दिखते हैं. इस वीडियो को शेयर करते हुए बिहार की कानून-व्यवस्था और सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
क्या है वायरल वीडियो से किया जा रहा दावा?
दरअसल, फेसबुक पर किसी यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया. यूजर ने कैप्शन में लिखा, ‘हमने पहले भी जंगल राज देखा है आज भी देख रहा हु #नीतीश के न रहने के बाद #बिहार में जंगल राज… भाजपा कचौधरी के शासन में राह चलती लड़की का अपहरण…अगर ये सम्राट चौधरी की बेटी होती तो एक्शन तुरंत होता…पर क्या ही दिक्कत है जनता है पिसने दो इन्हें यही चाहती है भाजपा सरकार…’
क्या है असल सच और स्क्रिप्ट की कहानी?
वायरल क्लिप के फ्रेम का रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह वीडियो एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला, जिसे 12 अक्टूबर 2026 को पोस्ट किया गया था. कमेंट सेक्शन में भी कई यूजर्स इसे स्क्रिप्टेड बता रहे थे.
अकाउंट खंगालने पर पता चला कि वहां ऐसे कई नाटकीय वीडियो मौजूद हैं, जिनमें वही बोलेरो गाड़ी और मदद करने वाला वही बाइक सवार शख्स दिखता है. अकाउंट के बायो में दिए गए यूट्यूब चैनल पर भी अपहरण, मारपीट और सड़क हादसों से जुड़े ऐसे ही कई वीडियो मिले, जिनके डिस्क्रिप्शन और बायो में साफ लिखा है कि यह सब मनोरंजन के मकसद से बनाया गया है.
इस जांच से यह साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो किसी असली वारदात या बिहार की घटना का नहीं है, बल्कि पूर्ण रूप से स्क्रिप्टेड है. एक पहले से बने स्क्रिप्टेड मनोरंजन वीडियो को गलत संदर्भ और राजनीतिक दावों के साथ जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है, इसलिए ऐसी पोस्ट शेयर या सच मानने से पहले उसकी असलियत जरूर जांच लें.
यह भी पढ़ें: क्या 1 दिसंबर से प्राइवेट अस्पतालों में बंद हो रहा आयुष्मान कार्ड? जानें वायरल रिपोर्ट का सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





