Bharat Express DD Free Dish

मोदी सरकार के 12 साल: दुनिया ने माना नेतृत्व का लोहा, वैश्विक नेताओं ने दी बधाई

PM Modi Government 12 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर अमेरिका, श्रीलंका, पापुआ न्यू गिनी और त्रिनिदाद-टोबैगो समेत कई देशों के नेताओं ने बधाई दी.

PM Modi Government 12 Years
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है. मई 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने 2024 में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की और अब वह देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं (Longest Serving Elected PM Modi). इस उपलब्धि पर दुनिया के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए भारत में हुए विकास, आर्थिक प्रगति और वैश्विक स्तर पर बढ़ती देश की भूमिका की सराहना की. उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावशाली उपस्थिति के साथ विकासशील देशों की मजबूत आवाज के रूप में भी उभरा है.

अमेरिका ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर अमेरिका की ओर से भी उन्हें बधाई दी गई. अमेरिकी दूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई. यह उपलब्धि दशकों की उनकी समर्पित जन-सेवा और नेतृत्व का एक सशक्त प्रमाण है! उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं!”

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि भारत के लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं. उन्होंने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की इच्छा जताई और आगामी अंतर-सरकारी वार्ता के लिए प्रधानमंत्री मोदी का जर्मनी में स्वागत करने की बात कही.

कनाडा के प्रधानमंत्री और लिबरल पार्टी के नेता मार्क कार्नी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि भारत और कनाडा के बीच साझेदारी नए सिरे से मजबूत हो रही है और दोनों देशों की समृद्धि के लिए साथ मिलकर काम करने की उम्मीद है.

ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह भारत और ग्रीस के बीच रणनीतिक साझेदारी और सहयोग को और गहरा करने के लिए उत्सुक हैं. उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर यूरोप और एशिया के बीच सहयोग के नए पुल बनाते रहेंगे.

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री मोदी के इस रिकॉर्ड को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने लगातार उन पर भरोसा जताया है और वह देश की सेवा में आगे भी सफल रहें, यही उनकी शुभकामना है.

अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके सफल नेतृत्व की कामना की. उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने बार-बार उन पर विश्वास जताया है और वह देश की सेवा में आगे भी सफलता प्राप्त करें.

आयरलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री लियो वराडकर ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, बुनियादी ढांचे और कल्याणकारी योजनाओं में सुधार हुआ है तथा महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है.

अमेरिकी सीनेटर जॉन कॉर्निन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को “पूरी तरह परिवर्तनकारी” बताया. उन्होंने कहा कि 1.4 अरब लोगों के विश्वास और लगातार तीन लोकतांत्रिक जनादेश के आधार पर 4,399 दिनों तक नेतृत्व करना बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना और भारत-अमेरिका संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं.

ब्रिटेन के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने गुजरात को आर्थिक शक्ति केंद्र बनाने के बाद पूरे भारत में विकास की नई दिशा दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने को अपना मिशन बनाया और उनके नेतृत्व में भारत लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है.

ब्लैकमैन ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के लंबे राजनीतिक जीवन और सेवा के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की.

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने मोदी की तारीफ की

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय जनता के उनके नेतृत्व पर लगातार बने भरोसे का प्रतीक है. उन्होंने अपने संदेश में मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे लोकतांत्रिक जनसमर्थन का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया. भारत और श्रीलंका के बीच करीबी संबंधों का भी जिक्र किया गया. हाल के वर्षों में दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत हुए हैं, जबकि आर्थिक संकट के दौरान भारत ने श्रीलंका को महत्वपूर्ण सहायता भी प्रदान की थी.

पापुआ न्यू गिनी के PM ने दी शुभकामनाएं

पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए उन्हें प्रेरणादायक नेता बताया. एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में बड़ी सफलता हासिल की है. उन्होंने भारत की विकास यात्रा और वैश्विक स्तर पर बढ़ती भूमिका की भी सराहना की. वर्ष 2023 में मोदी की पापुआ न्यू गिनी यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिए अहम माना गया था, जिसने प्रशांत क्षेत्र के देशों के साथ भारत की बढ़ती साझेदारी और ग्लोबल साउथ के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया.

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केंद्र की सत्ता में 12 वर्ष पूरे करते हुए 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा कर लिया. इसके साथ ही वह लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं और उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.


ये भी पढ़ें: ‘सुपर पावर’ मोड में NDA! पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर भारत मंडपम में ‘सुपर 75’ का महाजुटान; जानें क्या है खास?


त्रिनिदाद और टोबैगो से भी आई बधाई

त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. उन्होंने साधारण परिवार से निकलकर लगातार तीन बार देश का नेतृत्व करने की उनकी यात्रा को प्रेरणादायक बताया. वर्ष 2025 में मोदी की त्रिनिदाद और टोबैगो यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती दी थी और भारतीय मूल के लोगों के ऐतिहासिक योगदान को भी सम्मान दिया था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read