Bharat Express DD Free Dish

‘सुपर पावर’ मोड में NDA! पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर भारत मंडपम में ‘सुपर 75’ का महाजुटान; जानें क्या है खास?

PM Modi Government 12 Years: पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर दिल्ली के भारत मंडपम में डेढ़ साल बाद एनडीए की सबसे बड़ी बैठक होने जा रही है. आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू पीएम मोदी के समर्थन में प्रस्ताव पेश करेंगे. योगी-नीतीश समेत 22 राज्यों के सीएम शामिल. पढ़ें पूरी रिपोर्ट

NDA Meeting In Bharat Mandpam On PM Modi Government 12 Years

PM Modi Government 12 Years: राजधानी दिल्ली का मंडी हाउस गोल चक्कर, सिकंदरा रोड और फिरोजशाह रोड इस वक्त एक बड़े राजनीतिक संदेश का गवाह बन रहे हैं. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महा-बैठक से पहले पूरी दिल्ली को बड़े-बड़े स्वागतम होर्डिंग्स और पोस्टरों से पाट दिया गया है. इन पोस्टरों में केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही नहीं, बल्कि नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू और चिराग पासवान सहित एनडीए के सभी 35 सहयोगियों और मुख्यमंत्रियों की तस्वीरें एक साथ चमक रही हैं. लगभग डेढ़ साल के लंबे अंतराल के बाद हो रही यह बैठक साफ संदेश दे रही है कि एनडीए अब किसी बैसाखी पर नहीं, बल्कि ‘सुपर पावर’ मोड में देश चलाने के लिए एकजुट है.

एकता का शंखनाद पर पोस्टरों से पटी दिल्ली (NDA On PM Modi 12 Years)

इस महा-रिकॉर्ड के जश्न और ताकत को दिखाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपनी बड़ी बैठक से पहले दिल्ली की सड़कों को राजनीतिक कैनवास में बदल दिया है. दिल्ली के प्रमुख चौराहों मंडी हाउस गोल चक्कर, सिकंदरा रोड और फिरोजशाह रोड पर ‘स्वागतम’ के बड़े-बड़े होर्डिंग्स और डिजिटल पोस्टर्स लगाए गए हैं.

इन पोस्टरों की खास बात यह है कि इनमें केवल पीएम मोदी ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं और भाजपा समर्थित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की तस्वीरें एक साथ लगाई गई हैं. इसके जरिए एनडीए ने विपक्ष को अपनी अटूट एकजुटता और सामूहिक ताकत का संदेश दिया है.

भारत मंडपम में ‘सुपर 75’ का महाजुटान (PM Modi Record Tenure)

दोपहर 3 बजे दिल्ली के भव्य ‘भारत मंडपम’ में होने जा रही इस बैठक की अध्यक्षता बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे. बैठक में गठबंधन की अटूट एकता को दिखाने के लिए 35 सहयोगी दलों के लगभग 75 वरिष्ठ नेता एक मेज पर बैठेंगे. इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा के अलावा उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी समेत एनडीए शासित सभी 22 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शिरकत कर रहे हैं. टीडीपी से के. राम मोहन नायडू, जेडीयू से राजीव रंजन सिंह और जेडीएस से एचडी कुमारस्वामी जैसे केंद्रीय मंत्री भी अपनी ताकत दिखाएंगे.

  • केंद्रीय रणनीतिकार: गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और शिवराज सिंह चौहान.
  • एनडीए के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी समेत सभी 22 एनडीए शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री.
  • गठबंधन के क्षत्रप: आंध्र प्रदेश के सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू (TDP), बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU), एकनाथ शिंदे (शिवसेना), चिराग पासवान (LJP-R), जयंत चौधरी (RLD), प्रफुल्ल पटेल (NCP) और एचडी कुमारस्वामी (JDS).
  • सहयोगी कैबिनेट मंत्री: टीडीपी से के. राम मोहन नायडू, जेडीयू से राजीव रंजन सिंह और अपना दल (एस) से अनुप्रिया पटेल

किंगमेकर नायडू पेश करेंगे प्रस्ताव (PM Modi Longest Serving PM)

इस बैठक का सबसे बड़ा सियासी तड़का आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू का रुख है. चंद्रबाबू नायडू खुद बैठक में एक विशेष बधाई प्रस्ताव पेश करने जा रहे हैं, जिसका समर्थन नागालैंड के सीएम नेफ्यू रियो करेंगे. राजनीतिक पंडितों का मानना है कि टीएमसी में चल रही बड़ी टूट की खबरों के बीच एनडीए की यह बैठक बेहद अहम है. यदि बागी सांसद जुड़ते हैं तो बीजेपी की सहयोगियों पर निर्भरता कम होगी.

ये भी पढ़ें: रिकॉर्डवीर मोदी को सलाम! ऐतिहासिक उपलब्धि पर वैश्विक नेताओं ने दी बधाई, विश्व मंच पर गूंजा भारत का डंका

भारत मंडपम में जुट रही यह भीड़ बता रही है कि फिलहाल ‘परम मित्र’ चंद्रबाबू और नीतीश कुमार को पूरी तवज्जो दी जा रही है. बैठक में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के साझा सपने को साकार करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read