Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

शुरू हो गया काउंटडाउन! बांग्लादेश में होने जा रहा बड़ा उलट-फेर, मोहम्मद यूनुस बोले- बंधक की तरह कर रहा महसूस, दे दूंगा इस्तीफा

ढाका में गुरुवार को एडवाइजरी काउंसिल की बैठक के दौरान देश की मौजूदा स्थिति पर मोहम्मद यूनुस ने नाराजगी जताई गई.

Muhammad Yunus

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद युनूस.

बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार का तख्ता पलट होने के बाद अंतरिम सरकार का गठन किया गया था. मोहम्मद यूनुस (Mohammad Yunus) को अंतरिम सरकार का मुखिया नियुक्त किया गया था. अब उन्होंने मौजूदा स्थिति को देखते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर की है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि जिस तरह से हालात हैं, उसमें राजनीतिक पार्टियों के साथ मिलकर काम करना काफी कठिन हो रहा है.

Mohammad Yunus ने जताई नाराजगी

ढाका में गुरुवार को एडवाइजरी काउंसिल की बैठक के दौरान देश की मौजूदा स्थिति पर मोहम्मद यूनुस ने नाराजगी जताई गई. नेशनल सिटिजन पार्टी के प्रमुख और छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने बताया कि मोहम्मद यूनुस के इस्तीफे की खबरें सुबह से चल रही थीं, इसलिए वे उनसे मिलने उनके निवास जमुना पहुंचे.

बंधक जैसा महसूस कर रहे Mohammad Yunus

नाहिद इस्लाम ने बताया कि यूनुस खुद को बंधक जैसा महसूस कर रहे हैं. उनका कहना है कि मौजूदा राजनीतिक अस्थिरता में वे अपना काम नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तक सभी राजनीतिक दल आपसी सहमति तक नहीं पहुंचते, तब तक वह सरकार नहीं चला सकते.

इस्लाम का कहना है कि अगर यूनुस (Mohammad Yunus) को किसी भी दल से समर्थन नहीं मिल रहा है, तो उनका पद पर बने रहना बेकार है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर राजनीतिक दल उन्हें हटाना चाहते हैं, तो वह क्यों पद पर टिके रहें जब उन्हें कोई भरोसा ही नहीं दिया जा रहा है.

नाहिद इस्लाम के साथ महफूज आलम ने भी यूनुस (Mohammad Yunus) से मुलाकात की. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने यूनुस को सख्त चेतावनी दी थी कि दिसंबर तक चुनाव कराना होगा.

यह भी पढ़ें- डोनाल्ड ट्रंप का दावा: भारत 100% अमेरिकी टैरिफ हटाने को तैयार, व्यापार समझौता जल्द होने की उम्मीद

सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश और म्यांमार की सीमा पर एक मानवीय गलियारा बनाने की योजना को लेकर सरकार और सेना के बीच टकराव है. बताया गया कि यूनुस सरकार ने अमेरिका के साथ इस पर गुप्त समझौता किया था, जिससे सेना नाराज है.

देश में इस समय विरोध प्रदर्शनों की लहर चल रही है. छात्र संगठनों से लेकर विपक्षी पार्टियां यूनुस (Mohammad Yunus) सरकार के खिलाफ सड़कों पर हैं. प्रमुख विपक्षी दल साल के अंत तक चुनाव कराने की मांग कर रहा है. साथ ही, विपक्षी नेताओं ने महफूज आसिफ और खलीलुर्रहमान को सरकार से हटाने की मांग की है.

हसीना सरकार का हुआ था तख्तापलट

गौरतलब है कि पिछले साल 5 अगस्त को प्रधानमंत्री शेख हसीना के तख्तापलट और भारत चले जाने के बाद, 8 अगस्त को मोहम्मद यूनुस को अंतरिम प्रधानमंत्री बनाया गया था. तब से ही उनका कार्यकाल विवादों और विरोधों से घिरा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism