Bharat Express DD Free Dish

मुंबई को फिर लगा झटका: महंगी हुई गैस; CNG 86 रुपए के पार, तो PNG की कीमतों में 50 पैसे की बढ़ोतरी

मुंबई और आसपास के इलाकों (MMR) में शनिवार से सीएनजी (CNG) ₹2 प्रति किलो और पाइप वाली रसोई गैस (PNG) 50 पैसे प्रति यूनिट महंगी हो गई है. इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई में सीएनजी का नया रेट ₹86/kg और पीएनजी का रेट ₹52/यूनिट पहुंच गया है.

Mumbai Gas Price Hike CNG Reaches Rs 86 per kg, Domestic PNG Up By 50 Paise

AI GENERATED

Mumbai Gas Price Hike: मुंबई और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए शनिवार की सुबह महंगाई की एक नई मार लेकर आई है. मुंबई, ठाणे या नवी मुंबई में में रहने वालो को अब अपनी जेब को और ढीला करना होगा.
सरकारी गैस कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने CNG और डोमेस्टिक PNG की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जिसके बाद अब सीएनजी ₹86 प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है. नई दरें शनिवार से ही लागू हो गई हैं.

CNG में 2 रुपए, तो PNG में 50 पैसे की बढ़ोतरी

इस नए फैसले के बाद, मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में CNG की कीमतों में ₹2 प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया है, वहीं, घरों में सप्लाई होने वाली पीएनजी (PNG) के दाम भी 50 पैसे प्रति यूनिट बढ़ा दिए गए हैं, जिससे अब इसका नया रेट ₹52 प्रति यूनिट हो गया है.

क्यों बढ़े दाम?

महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने इस बढ़ोतरी के पीछे वैश्विक और घरेलू दोनों कारणों को जिम्मेदार ठहराया है. कंपनी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, ‘घरेलू स्तर पर मिलने वाली गैस के आवंटन में कमी आई है. इस वजह से हमें बाहर से महंगी गैस खरीदनी पड़ रही है. इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई गिरावट ने भी गैस की लागत को काफी बढ़ा दिया है.’

गौरतलब है कि मुंबई में इससे पहले बीते 14 मई को भी सीएनजी के दाम ₹2 प्रति किलो बढ़ाए गए थे. यानी महीने भर के भीतर ही जनता पर ये दूसरा बड़ा बोझ है.

आम आदमी के बजट पर कैसे पड़ेगा असर?

इस बढ़ोतरी का सीधा असर उन लाखों प्राइवेट कार मालिकों, ऑटो-टैक्सी चालकों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट बेड़े पर पड़ेगा जो सीएनजी पर निर्भर हैं. हालांकि, कंपनी का अब भी दावा है कि प्रति किलोमीटर के हिसाब से पेट्रोल-डीजल के मुकाबले सीएनजी आज भी एक सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प है. लेकिन रोज कमाने-खाने वाले ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों के लिए हर रोज का बजट संभालना अब एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.

अमेरिका-ईरान जंग का साइड इफेक्ट

ईंधन की कीमतों में आ रही ये तेजी असल में मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का नतीजा है. इसी सोमवार को मुंबई में पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हुआ था. दो हफ्ते से भी कम समय में तेल के दामों में ये चौथी बढ़ोतरी थी. इस वक्त मुंबई में पेट्रोल ₹111.21 प्रति लीटर और डीजल ₹97.83 प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर बिक रहा है.

पीएम मोदी की देशवासियों से खास अपील

इसी संकट को देखते हुए इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों और सभी सरकारी विभागों से ईंधन बचाने की अपील की थी. उन्होंने लोगों से गैर-जरूरी यात्राओं को टालने, वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने और सामूहिक रूप से ऊर्जा संरक्षण में योगदान देने की बात कही थी ताकि देश के आर्थिक बजट को बिगड़ने से बचाया जा सके.

ये भी पढ़ें: पुणे-पिंपरी चिंचवाड़ में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत, 8 आरोपी गिरफ्तार, सीएम ने क्या कहा?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read