मुंबई/आंचल: मुंबई के आरसीएफ पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को कथित तौर पर जान से मारने और तेजाब फेंकने की धमकी देकर चार घंटे तक बंधक बनाए रखा. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अरबाज सैयद (25 वर्ष) के रूप में हुई है.
चार घंटे तक मुर्गा बनी रही पत्नी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपनी पत्नी को घर में बंद कर दिया और उस पर गंभीर आरोपों के बीच तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. इतना ही नहीं, उसने कथित रूप से तेजाब फेंकने की धमकी भी दी. इसके बाद उसने पत्नी को मानसिक प्रताड़ना देते हुए उसे चार घंटे तक मुर्गा बनकर बैठने के लिए मजबूर किया.
मां के घर पहुंची पीड़िता
किसी तरह मौके से निकलकर पीड़िता अपनी मां के घर पहुंची, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका. आरोप है कि आरोपी वहां भी पहुंच गया और हंगामा करने लगा. इसी दौरान उसने पत्नी पर चाकू से हमला करने की कोशिश की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अरबाज सैयद को गिरफ्तार कर लिया. मामले में आगे की जांच जारी है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही 19 मामले दर्ज हैं. इनमें विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या पीड़िता पहले भी घरेलू हिंसा की शिकार रही है. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





