Bharat Express DD Free Dish

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह द्वारा रची गई हत्या की साजिश का हुआ पर्दाफाश, पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की टारगेट किलिंग की साजिश को नाकाम कर फगवाड़ा निवासी हिमांशु सूद को गिरफ्तार किया. आरोपी दुबई में बैठे गैंगस्टर नमित शर्मा के निर्देशों पर काम कर रहा था.

Punjab Police

पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट, जालंधर को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह द्वारा रची गई लक्षित हत्या (टारगेट किलिंग) की साजिश को विफल करते हुए गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान हिमांशु सूद के रूप में हुई है, जो फगवाड़ा, जिला कपूरथला का रहने वाला है.

दुबई से संचालित हो रहा था हत्या का प्लान

पंजाब पुलिस के डीजीपी की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हिमांशु सूद दुबई, यूएई में बैठे नमित शर्मा के निर्देशों पर काम कर रहा था. नमित शर्मा, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी माना जाता है और उस पर कई आपराधिक साजिशों को विदेश से संचालित करने के आरोप हैं.

काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने साजिश का किया पर्दाफाश

डीजीपी पंजाब ने बताया कि यह गिरोह पंजाब में दहशत फैलाने और चुनिंदा व्यक्तियों को निशाना बनाकर हत्या करने की योजना पर काम कर रहा था. समय रहते काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया गया.

ये भी पढ़ें: ईडी का बड़ा एक्शन: नोएडा और लखनऊ की तीन शेल कंपनियों के ठिकानों पर छापेमारी, 103 करोड़ से ज्यादा की राशि जब्त

आरोपी के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री किए गए बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनसे गिरोह के नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में और भी अहम जानकारियां मिलने की संभावना है.

पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच

पंजाब पुलिस का कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह लगातार विदेश में बैठे गुर्गों के जरिए राज्य में संगठित अपराध को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है, लेकिन पुलिस सतर्क है और किसी भी कीमत पर शांति भंग नहीं होने देगी. फिलहाल पुलिस हिमांशु से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों, टारगेट्स और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read