रिपोर्ट- अभिषेक
नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. बाजपेयी नगर में रहने वाले 17 साल के एक किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद इलाके में डर और बेचैनी का माहौल बना हुआ है, लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं.
इंस्टाग्राम के जरिए बुलाया गया था मिलने
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान जोहरान मुश्ताक शेख के रूप में हुई है. वह बाजपेयी नगर का ही रहने वाला था. बताया जा रहा है कि 5 मई की रात करीब 10 बजे उसे किसी ने इंस्टाग्राम के जरिए मिलने के लिए बुलाया था. घरवालों को लगा कि वह दोस्तों के साथ होगा, लेकिन जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा, तो चिंता बढ़ने लगी.
परिवार और स्थानीय लोगों ने मिलकर उसकी खोज शुरू की. काफी देर तक तलाश करने के बाद अशरफी मस्जिद के पीछे एक मैदान में उसका शव मिला. वह खून से लथपथ हालत में पड़ा था. यह दृश्य इतना भयावह था कि जिसने भी देखा, वह सन्न रह गया.
पुलिस की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस मामले में एक नाबालिग के शामिल होने की जानकारी मिली है. आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. आसपास के इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि इस हत्या के पीछे प्रेम संबंध का मामला हो सकता है. हालांकि अभी जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले को देख रही है. अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.
इस घटना के बाद स्थानीय लोग काफी डरे हुए हैं. खासकर माता-पिता अपने बच्चों को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं. सोशल मीडिया के जरिए इस तरह की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा और जागरूकता पर सवाल खड़ा कर दिया हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


