Bharat Express DD Free Dish

‘चिता पर रख दिया था शव…तभी पुलिस ने मारी एंट्री’, नवादा में नवविवाहिता की मौत के पीछे छिपा था बड़ा राज?

बिहार के नवादा में 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद ससुराल वाले कथित तौर पर शव को गुपचुप अंतिम संस्कार के लिए ले गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर पति, सास समेत अन्य आरोपियों पर FIR दर्ज की.

बिहार के नवादा जिले से दहेज के दानवों की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली करतूत सामने आई है. दरअसल पकरीबरावां थाना क्षेत्र के पोक्सी गांव में 23 वर्षीय नवविवाहिता स्वाति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आरोप है कि ससुराल वालों ने 10 लाख रुपये नकद और गाड़ी की मांग पूरी न होने पर स्वाति की बेरहमी से हत्या कर दी.

इतना ही नहीं, मायके वालों को खबर दिए बिना ही ससुराल वाले गुपचुप तरीके से शव को श्मशान घाट ले जाकर फूंकने की तैयारी में थे. लेकिन ऐन मौके पर पुलिस और मायके वालों ने दबिश देकर जलती चिता के मुहाने से शव को बरामद कर लिया.

जानिए क्या है पूरा मामला?(Nawada Dowry Death Case)

मृतका स्वाति कुमारी नालंदा जिले के कतरीसराय निवासी हजारी प्रसाद की बेटी थी. साल 2024 में उसकी शादी पोक्सी गांव के अभिमन्यु कुमार से हिंदू रीति-रिवाज से बड़ी धूमधाम से हुई थी. स्वाति के भाई सनी कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आ गया. पति और ससुर कभी 10 लाख रुपये कैश तो कभी लग्जरी गाड़ी और कीमती सामान के लिए स्वाति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे.

मायके को बिना बताए श्मशान ले गए शव

मंगलवार को जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल वालों ने कथित तौर पर स्वाति की हत्या कर दी. खौफनाक बात यह रही कि ससुराल वालों ने घटना की जानकारी स्वाति के मायके वालों को तक नहीं दी और सबूत मिटाने की नीयत से शव को सीधे गांव के श्मशान घाट ले गए. जैसे ही मायके वालों को गुप्त सूचना मिली, उन्होंने पुलिस को साथ लिया और श्मशान घाट पर धावा बोल दिया. पुलिस को अचानक सामने देख अंतिम संस्कार में जुटे लोग वहां से भागने लगे.

श्मशान से पुलिस ने कब्जे में लिया शव

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए श्मशान घाट से स्वाति के शव को अपने कब्जे में ले लिया और तुरंत पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह (फंदे से लटकना या जहर देना) पूरी तरह से साफ हो पाएगी.

यह भी पढ़ें-मौत किसी और की, बलि की तैयारी किसी और की! चिता पर जिंदा जलने ही वाली थी महिला, तभी पहुंची 112

पति और सास पर दहेज हत्या की FIR दर्ज

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर (अर्जुन प्रसाद) को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मृतका के परिजनों के लिखित बयान के आधार पर पति अभिमन्यु कुमार, सास और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का संगीन मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

पीछे छूट गया 4 महीने का मासूम

इस दिल दहला देने वाले कांड में सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि स्वाति अपने पीछे महज 4 महीने का मासूम बच्चा छोड़ गई है. जिसे यह भी नहीं मालूम कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही. मासूम का रो-रोकर बुरा हाल है और इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और आक्रोश फैला हुआ है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read