Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग ने ताज़ा पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि 29 मार्च को तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. पिछले कुछ दिनों से हल्की ठंडी हवाओं और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही थी, लेकिन अब मौसम में और बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
तापमान और पूर्वानुमान
25 मार्च को अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और न्यूनतम 17-19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 26 और 27 मार्च को तापमान क्रमशः 34/18 और 32/17 डिग्री रहने का अनुमान है. इन दिनों गरज के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है. वहीं 28 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है और तापमान करीब 30 डिग्री तक रहेगा. लेकिन 29 और 30 मार्च को बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर तेज बारिश व तूफानी हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी.
वायु गुणवत्ता में सुधार
तेज हवाओं और बदलते मौसम का असर वायु गुणवत्ता पर भी दिख रहा है. दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज किया गया. आनंद विहार में 247, बवाना में 241 और चांदनी चौक में 238 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ. वहीं अलीपुर, अशोक विहार और बुराड़ी जैसे इलाकों में एक्यूआई अपेक्षाकृत बेहतर रहा.
नोएडा और गाजियाबाद में भी हवा की गुणवत्ता में सुधार देखा गया. नोएडा सेक्टर-125 में एक्यूआई 180, सेक्टर-62 में 141 और सेक्टर-116 में 173 दर्ज किया गया. गाजियाबाद के इंदिरापुरम में 180, संजय नगर में 156 और वसुंधरा में 192 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाली बारिश और तेज हवाओं से प्रदूषण का स्तर और नीचे जा सकता है.
ये भी पढ़ें-नीतीश के दिल्ली कूच से पहले ही JDU में ‘बगावत’! सांसद गिरधारी यादव की सदस्यता रद्द करने की मांग
सतर्क रहने की सलाह
फिलहाल एनसीआर के लोग सुहावने मौसम और साफ हवा का आनंद ले रहे हैं. लेकिन 29 मार्च को संभावित तेज बारिश और तूफान को देखते हुए मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


