Bharat Express DD Free Dish

नेपाल में नई सरकार: पीएम बने बालेंद्र शाह, PM मोदी ने दी शुभकामनाएं, जानिए कैबिनेट में कौन-कौन

Nepal New PM Balendra Shah: नेपाल में बालेंद्र शाह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और भारत-नेपाल संबंध मजबूत करने की बात कही. नई कैबिनेट में कई युवा चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं.

PM Balendra Shah

Nepal New PM Balendra Shah

Nepal New PM Balendra Shah: नेपाल में नई सरकार बनने के साथ ही बालेंद्र शाह (Balendra Shah) ने शुक्रवार (27 मार्च) को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली. महज 35 साल की उम्र में वह देश के सबसे युवा नेताओं में से एक बन गए हैं. वह राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेता हैं और हाल के चुनावों में उनकी पार्टी को बड़ी जीत मिली.

पीएम मोदी ने दी बधाई

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने भी बालेन शाह को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह जीत नेपाल के लोगों के भरोसे को दिखाती है. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वह भारत-नेपाल के रिश्तों को और मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करने के इच्छुक हैं.

मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार

नेपाल की नई सरकार में कई अहम पदों पर नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है. स्वर्णिम वागले को उपप्रधानमंत्री और वित्त मंत्री बनाया गया है. शिशिर खनल विदेश मंत्री, सुदान गुरुंग गृह मंत्री और बिराज भक्त ऊर्जा मंत्री होंगे. इसके अलावा, प्रतिभा रावल को सामान्य प्रशासन मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है.

अन्य प्रमुख नियुक्तियों में अमरेश सिंह को उद्योग मंत्री, सुनील लमसल को भौतिक अवसंरचना और परिवहन मंत्री, निशा मेहता को स्वास्थ्य मंत्री और सोबिता गौतम को कानून मंत्री बनाया गया है. वहीं, सस्मित पोखरेल शिक्षा, विज्ञान और तकनीक मंत्रालय संभालेंगे और सीता बड़ी महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय देखेंगी. संचार मंत्रालय की जिम्मेदारी बिक्रम तिमिलसिना को दी गई है, जबकि दीपक कुमार शाह श्रम और रोजगार मंत्री होंगे.


ये भी पढ़ें: रामनवमी पर दिव्य नजारा: अयोध्या में रामलला का ‘सूर्य तिलक’, 4 मिनट तक ललाट पर चमकीं किरणें; PM मोदी ने किए लाइव दर्शन


युवा नेतृत्व वाली सरकार

नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने संविधान के अनुच्छेद 76(1) के तहत बालेन शाह को प्रधानमंत्री नियुक्त किया. इससे पहले आरएसपी ने उन्हें अपनी संसदीय पार्टी का नेता चुना था, जिसके बाद उनके प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया. इस तरह नेपाल में नई और युवा नेतृत्व वाली सरकार की शुरुआत हुई है, जिससे देश में नए बदलावों की उम्मीद की जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read