Bharat Express DD Free Dish

सिद्धिविनायक में लागू होगा नया ड्रेस कोड, जीन्स, शॉर्ट्स, और स्कर्ट पर लगी रोक

मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में भक्तों के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है. लोगों को बप्पा का दर्शन करने के लिए अब भारतीय लिबास पहनकर आना होगा.

Siddhivinayak Temple
Edited by Pooja Choubey

मुंबई के सबसे लोकप्रिय और पूजनीय सिद्धिविनायक मंदिर में भक्तों के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है. लोगों को बप्पा का दर्शन करने के लिए अब भारतीय लिबास पहनकर आना होगा. ये फैसला सिद्धिविनायक मंदिर के प्रशासन की तरफ से लिया गया है. इसके साथ भक्तों को जानकारी देने के लिए मंदिर के अंदर-बाहर और कई जगह पोस्टर भी लगाए जाएंगे. बता दें कि ड्रेस कोड का नियम कल से लागू हो जाएगा.

ड्रेस कोड के निर्देश को लेकर भारत एक्सप्रेस ने सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी से खास बातचीत की. उनका कहना है कि भक्तों के आग्रह करने पर ही मंदिर प्रशासन की तरफ से यह फैसला लिया गया है. आचार्य पवन त्रिपाठी ने आगे बताया कि काफी समय से हमें भक्तों की शिकायत मिल रही थी कि लोग छोटे और अंग का प्रदर्शन करने वाले कपड़े पहनकर मंदिर में आते हैं जो कि गलत है. जिसके बाद मंदिर प्रशासन की तरफ से यह फैसला लिया गया है.

पारंपरिक वेशभूषा में ही आएं श्रद्धालु

मंदिर प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी वेशभूषा को पारंपरिक ही रखें. वहीं मंदिर प्रशासन ने दूर-दराज से आ रहे श्रद्धालुओं को इस नए नियम की जानकारी मंदिर प्रांगण में ही दे दी जाएगी. जिन कपड़ों पर रोक लगाई गई है उसमें जीन्स, कटी-फटी पैंट, शॉर्ट्स, और स्कर्ट जैसे कपड़े शामिल हैं. भक्तों को पूरे तरह से शालीन पोशाक ही पहनकर आना होगा.

बता दें कि राज्य में ऐसे कई मंदिर हैं जहां पर ड्रेस कोड का नियम पहले से ही लागू है. वहीं मंदिर में दर्शन करने आए भक्तों ने भी कहा है कि सिद्धिविनायक मंदिर कि तरफ से यह सही फैसला लिया गया है जिसका हम सभी स्वागत करते हैं. इसके अलावा कई भक्तों ने कहा है कि ये नियम पहले से ही लागू करना चाहिए था क्योंकि मंदिर एक पवित्र स्थान है और वहां पर लोग कुछ भी पहनकर आते हैं जो सही नहीं है, ऐसे में मंदिर प्रशासन के फैसले से श्रद्धालुओं को खुशी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read