दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और ठंड के मौसम के बीच नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) ने एक अहम सामाजिक पहल की है. NFL द्वारा अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) परियोजना के तहत राजधानी दिल्ली के शाहदरा नॉर्थ जोन (एमसीडी) के 28 सरकारी विद्यालयों में आरओ प्यूरीफायर युक्त वाटर कूलर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इस परियोजना के तहत कुल 50 RO वाटर कूलर स्थापित किए जाएंगे, जिससे हजारों विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की सुविधा मिल सकेगी.
50 लाख की लागत
इस जनकल्याणकारी परियोजना के लिए ₹50 लाख के CSR फंड को नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के माननीय बोर्ड द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है. वर्तमान में इस परियोजना का कार्य प्रगति पर है और आगामी माह से स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से RO वाटर कूलरों की स्थापना शुरू की जाएगी.
बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध- NFL
NFL का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से उन्हें सुरक्षित रखा जा सके. प्रदूषण और मौसम में बदलाव के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए यह कदम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
प्रिंसिपल से किया अनुरोध
NFL की ओर से संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से भी दरख्वास्त किया गया है कि RO वाटर कूलरों की स्थापना के लिए नियुक्त ठेकेदार को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, जिससे कार्य समय पर और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके. परियोजना से जुड़े सभी विद्यालयों की सूची भी संबंधित विभाग को संलग्न कर दी गई है.
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के धार स्थित भोजशाला में एक साथ होंगे ‘नमाज’ और ‘सरस्वती पूजा’: सुप्रीम कोर्ट
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में NFL की यह पहल न केवल बच्चों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण भी पेश करेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
