Nitin Nabin BJP President News: बीजेपी में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है. लंबे इंतजार के बाद बिहार से आने वाले युवा नेता और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को आधिकारिक तौर पर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया. दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के लक्ष्मण ने उनके नाम का ऐलान किया. इसके साथ ही नितिन नबीन बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए.
कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
नितिन नबीन ने अध्यक्ष पद संभालते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने एक साधारण कार्यकर्ता को सर्वोच्च पद तक पहुंचाने का अवसर दिया है. उन्होंने इसे अपने जीवन का बड़ा सम्मान बताया और सभी कार्यकर्ताओं को प्रणाम करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया.
ऐतिहासिक नारों का जिक्र
अपने संबोधन में नितिन नबीन ने बीजेपी और जनसंघ के दौर के नारों को याद किया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने वह समय देखा जब अयोध्या में राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ और जम्मू-कश्मीर धारा 370 से मुक्त हुआ. उन्होंने श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा लहराने को गर्व का क्षण बताया और कहा कि बीजेपी ने कठिन दौर से गुजरते हुए भी अपने संकल्प पूरे किए.
चुनावी राज्यों पर नजर
नितिन नबीन ने आगे कहा कि आने वाले महीनों में तमिलनाडु, असम, बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने वाले हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि इन राज्यों की बदलती जनसांख्यिकी बीजेपी के लिए चुनौती है, लेकिन भरोसा जताया कि कार्यकर्ता अपने संघर्ष और मेहनत से वहां भी पार्टी को मजबूत करेंगे.
साधारण कार्यकर्ता से अध्यक्ष तक
नितिन नबीन का अध्यक्ष बनना एक साधारण कार्यकर्ता की कहानी है जो लगातार मेहनत और समर्पण से शीर्ष पद तक पहुंचा. वह पांच बार विधायक चुने गए और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे. उनकी पहचान एक ऊर्जावान और युवा नेता के रूप में है.
सबसे युवा अध्यक्ष
नितिन नबीन बीजेपी के इतिहास में सबसे कम उम्र के अध्यक्षों में से एक हैं. दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी की स्थापना 1980 में हुई थी और नितिन का जन्म भी उसी साल हुआ.
ये भी पढ़ें-नितिन नबीन ‘वर्तमान’, जानें निवर्तमान हुए जेपी नड्डा का सियासी सफर
राजनीतिक विरासत
नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे. 2006 में पिता के निधन के बाद नितिन राजनीति में आए और पटना पश्चिम (बाद में बांकीपुर) सीट से लगातार 2010, 2015, 2020 और 2025 में चुनाव जीतते रहे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


