Bharat Express DD Free Dish

आंध्र दौरे पर नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश, कहा- जनता से सीधा संवाद बढ़ाएं

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष सामाजिक तत्वों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है.

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने संगठन को और मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं का जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने पर खास जोर दिया. इस दौरान उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा है.

नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की राजनीति सिर्फ चुनाव जीतकर सत्ता हासिल करने तक सीमित नहीं है. पार्टी की पहचान उसके विचार और संगठनात्मक मूल्यों से है. उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र को सर्वोपरि मानकर काम करती है और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद, पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन के विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है.

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य का भी जिक्र किया. नवीन ने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे से जुड़े बड़े स्तर पर काम चल रहा है और आने वाले समय में भारत को विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ एक मजबूत ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है.

आंध्र प्रदेश के चुनावी प्रदर्शन का किया जिक्र

भाजपा अध्यक्ष ने आंध्र प्रदेश में एनडीए के प्रदर्शन को संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 25 सीटों में से 21 सीटें एनडीए के खाते में गईं. वहीं, विधानसभा चुनाव में गठबंधन ने 175 में से 164 सीटों पर जीत दर्ज की.

नितिन नवीन ने कहा कि इतनी बड़ी जीत केवल उत्साह बढ़ाने वाली बात नहीं है, बल्कि इसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है. भाजपा का गठबंधन तेलुगु देशम पार्टी और जनसेना के साथ है और चंद्रबाबू नायडू तथा पवन कल्याण के नेतृत्व में राज्य में विकास से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है.

कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने की अपील

राज्य कार्यकारिणी की बैठक में नितिन नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी केवल बैठकों तक सीमित न रहे. कार्यकर्ताओं को सीधे जनता के बीच जाकर लोगों से बातचीत करनी चाहिए और उनकी समस्याओं को समझना चाहिए.

उन्होंने कहा कि पार्टी और जनता के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, सरकार की योजनाओं का लाभ उतने ही बेहतर तरीके से लोगों तक पहुंच सकेगा. उनके मुताबिक, लगातार संपर्क और संवाद ही संगठन को जमीन से जोड़े रखने की सबसे अहम कड़ी है.

अपने संबोधन के दौरान नितिन नवीन ने विपक्ष के रवैये पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देने वाली मानसिकता के साथ काम कर रहा है. उन्होंने संसद में विपक्ष के रवैये और 15 अगस्त को कांग्रेस नेताओं के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा इन बातों का जवाब अपनी मर्यादा और राजनीतिक संस्कारों के भीतर रहकर देगी.

उन्होंने खास तौर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इस्तेमाल किए गए शब्दों की आलोचना की. नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच तथ्यों और अपनी बात को मजबूती से रखें, लेकिन अपनी राजनीतिक मर्यादा बनाए रखें.

संगठनात्मक बैठक और पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उन्होंने विशाखापत्तनम में प्रदेश अध्यक्ष पी.वी.एन. माधव के साथ राज्य के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक की. बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आपसी तालमेल बढ़ाने और राज्यभर में जनसंपर्क को बेहतर करने पर चर्चा हुई.

उन्होंने पार्टी का झंडा भी फहराया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी का झंडा हर कार्यकर्ता की संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का प्रतीक है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से समर्पण, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया.

राज्य कार्यकारिणी की बैठक से पहले नितिन नवीन ने मंगलवार सुबह विशाखापत्तनम के सिंहाचलम स्थित प्रसिद्ध श्री वराह लक्ष्मी नरसिंह स्वामी मंदिर में दर्शन किए. उन्होंने भगवान के वराह-नरसिंह स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की.

ये भी पढ़ें: ‘पानी में जहर या बैक्टीरिया…?’ ऑडिट में फेल हुए 458 रेलवे स्टेशन, CAG की चौंकाने वाली रिपोर्ट

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read