गोरखपुर में आयोजित बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र इतना मजबूत है कि राहुल गांधी जैसे कई तथाकथित युवराज आते-जाते रहेंगे, लेकिन इस देश की धरती पर नेतृत्व देश के बेटे नरेंद्र मोदी का ही रहेगा. उनके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की 140 करोड़ जनता का अटूट समर्थन और विश्वास प्राप्त है, जिसे उन्होंने अपने काम और समर्पण के बल पर हासिल किया है.
प्रधानमंत्री पर जनता का भरोसा सबसे बड़ी ताकत
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि मौजूदा भारत बदल चुका है और देश की जनता पहले से कहीं अधिक जागरूक है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने लोगों को भ्रमित करने की कई कोशिशें कीं, लेकिन जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि देश के करोड़ों नागरिक नरेंद्र मोदी को केवल प्रधानमंत्री नहीं बल्कि प्रधान सेवक और चौकीदार के रूप में देखते हैं. लोगों को भरोसा है कि उनके परिवार, समाज और राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की क्षमता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही है.
इंदिरा गांधी और इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले का भी किया जिक्र
भाषण के दौरान नितिन नवीन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अतीत का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती पर स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक समय तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध ठहराया था. अदालत ने अपने फैसले में निर्वाचन आयोग और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का उल्लेख किया था. बीजेपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उस फैसले के बाद कांग्रेस ने संविधान में संशोधन कर अदालत के निर्णय का प्रभाव बदलने का प्रयास किया था.
लोकतंत्र बचाने का संदेश लेकर निकली पदयात्रा
नितिन नवीन ने कहा कि बीजेपी की ओर से निकाली जा रही पदयात्राएं लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता की भागीदारी का प्रतीक हैं. उन्होंने दावा किया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसी यात्राओं को जनता का समर्थन मिल रहा है और लोग लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क पर उतर रहे हैं. उनका कहना था कि बीजेपी की बढ़ती सक्रियता से विपक्षी दलों के नेताओं में बेचैनी बढ़ रही है.
योगी समेत हजारों कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजारों समर्थकों के साथ लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी पदयात्रा में हिस्सा लिया. यात्रा मार्ग पर बनाए गए 18 स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं ने नेताओं का उत्साहपूर्ण स्वागत किया और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला.
ये भी पढ़ें-अब भारत में ही होगा लिथियम-निकेल का प्रोसेसिंग, मोदी कैबिनेट ने दी 2814 करोड़ की योजना को मंजूरी
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक हुआ भव्य स्वागत
बुधवार सुबह करीब 11 बजे नितिन नवीन गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इसके बाद वे सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे. वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पदयात्रा का आयोजन किया गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




