Bharat Express DD Free Dish

नीतीश कुमार ने नितिन नवीन समेत NDA के सभी 5 उम्मीदवारों के साथ किया नामांकन

बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के लिए एनडीए उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिया है, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हैं. नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार भी एनडीए के साझा उम्मीदवार हैं…

Nitish Kumar Rajya Sabha nomination Bihar: बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है. उम्मीदवारों में खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने अपना नामांकन भरा है. वहीं गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा-जदयू के वरिष्ठ नेता नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए. नामांकन के बाद सभी नेता विधानसभा से निकल गए. इसके बाद अमित शाह भाजपा विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे.

नीतीश के अलावा कौन-कौन राज्यसभा उम्मीदवार?

बताते चलें कि बिहार कोटे से आज राज्यसभा की 5 सीटों के लिए नामांकन हुआ. जिसमें सीएम नीतीश कुमार के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी राज्यसभा के लिए पर्चा भरा है. इसके अलावा शिवेश कुमार, रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा ने भी नामांकन किया. बता दें कि ये सभी एनडीए के साझा उम्मीदवार हैं. बिहार में राज्यसभा की कुल 6 सीटें हैं, जिनमें से 5 पर एनडीए का दावा है. कांग्रेस और राजद के उम्मीदवारों ने भी नामांकन किया है.

नीतीश ने खुद पोस्ट कर दी जानकारी

नीतीश कुमार ने X पर लिखा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है. आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है.संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं.

आगे उन्होंने लिखा कि आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा. जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा.

ये भी पढ़ें-नीतीश कुमार के दिल्ली जाने पर कैसे बदलेगा बिहार की सत्ता का समीकरण और किसे मिलेगा कौन-सा रोल?

बीजेपी ने नीतीश कुमार को हाईजैक किया: तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने पटना में कहा कि चुनाव में जिस तरह से उनकी जीत हुई है, धनतंत्र की, मशीनतंत्र की जीत हुई है. नीतीश कुमार ने कहा है कि वो (राज्यसभा) सदन जाना चाहते हैं. हम शुरुआत से इस बात को कहते रहे हैं कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को बीजेपी के लोग मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देंगे. आज वो बात सच हुई है. जनआकांक्षाएं इस सत्ता परिवर्तन के खिलाफ हैं. जब 2024 में नीतीश कुमार हमें छोड़कर गए थे. उस समय भी हमने यह कहा था कि बीजेपी JDU पार्टी को खत्म कर देगी. बीजेपी ने पूरी तरीके से नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read