Nitish Kumar Rajya Sabha: बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है. चर्चा है कि सत्ताधारी पार्टी जेडीयू अपने नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को राज्यसभा भेज सकती है. पहले यह कहा जा रहा था कि उनके बेटे निशांत कुमार (Nishant Kumar) को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया जा सकता है, लेकिन अब तस्वीर बदलती दिख रही है.
संजय झा के कदम से बढ़ी अटकलें
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा (Sanjay Jha) का अचानक दिल्ली से पटना रवाना होना चर्चा का बड़ा कारण बना है. बताया जा रहा है कि पटना जाने से पहले उन्होंने केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह (Lalan Singh) से मुलाकात भी की. यह भी कहा जा रहा है कि वह बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में हैं.
होली के दिन से ही दिल्ली से लेकर बिहार तक राजनीतिक गलियारों में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा शुरू हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, पहले निशांत कुमार का नाम लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन अब खुद नीतीश कुमार के नाम पर विचार हो रहा है.
पहले निशांत कुमार का नाम था चर्चा में
निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा काफी समय से चल रही है. वह कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आए हैं. 1 मार्च को नीतीश कुमार के जन्मदिन पर उन्होंने अपने पिता को केक खिलाया और मंदिर जाकर उनके लिए पूजा भी की थी.
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु चुनाव: कांग्रेस-DMK में सीट शेयरिंग डील फाइनल, खड़गे-स्टालिन की फोन पर बात से निकला रास्ता
नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर उठते सवालों के बीच निशांत की सक्रियता ने अटकलों को और हवा दी. यहां तक कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी माना जा रहा था कि निशांत चुनाव लड़ सकते हैं. हालांकि, जब उन्हें टिकट नहीं मिला तो यह चर्चा ठंडी पड़ गई.
अब देखना होगा कि जेडीयू राज्यसभा के लिए आखिर किस नाम पर मुहर लगाती है. फिलहाल, राजनीतिक हलकों में कयासों का दौर जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
