Today North India Weather: फरवरी का दूसरा हफ्ता शुरू होते ही उत्तर भारत के मौसम ने साफ संकेत दे दिए हैं कि सर्दी अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रही है, लेकिन पूरी तरह जाने में अभी वक्त लगेगा. कहीं दोपहर में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, तो कहीं सुबह-शाम की ठंड और कोहरा अब भी रोजमर्रा की रफ्तार को धीमा कर रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, राजस्थान और हरियाणा तक मौसम हर राज्य में अलग-अलग रंग दिखा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से उतार-चढ़ाव भरे रहेंगे.
दिल्ली-NCR: तेज धूप का आगाज
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान में भी फरवरी की धूप अब तेज होती जा रही है. दिल्ली में हाल के दिनों में सीजन के सबसे गर्म दिन दर्ज किए गए हैं. दिन में तापमान सामान्य से ऊपर जा रहा है, जबकि सुबह हल्की धुंध और शाम की ठंड अभी बरकरार है. हरियाणा और राजस्थान में भी दिन सुहावने हो रहे हैं, लेकिन सुबह-शाम की ठंड और कुछ इलाकों में कोहरा लोगों को सतर्क रहने की याद दिला रहा है.
UP: ट्रांजिशन फेज में मौसम
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां मौसम साफ तौर पर ट्रांजिशन फेज में है. दिन में सूरज की तपिश तेज होती जा रही है और कई जिलों में पारा 29 से 30 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है. लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस की जा रही है.
हालांकि सुबह की शुरुआत अभी भी कोहरे के साथ हो रही है. तराई और पूर्वी यूपी के जिलों गोरखपुर, पीलीभीत, देवरिया और आसपास के इलाकों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल रहा है. राहत की बात यह है कि यह कोहरा दिन चढ़ने के साथ छंट जाता है और तेज धूप निकल आती है. IMD के अनुसार 16 फरवरी के बाद पश्चिमी यूपी में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी संभव है.
बिहार में मौसम का बदलता रंग
बिहार में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और कई जिलों में फरवरी में ही गर्मी का एहसास होने लगा है. कैमूर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 30 डिग्री के पार चला गया. रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे सर्दी का असर कमजोर पड़ा है. अच्छी खबर यह है कि फिलहाल घने कोहरे से राहत है और ज्यादातर इलाकों में दृश्यता ठीक बनी हुई है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान में धीरे-धीरे हो रही बढ़ोतरी किसानों के लिए चुनौती बन सकती है, क्योंकि इससे खेतों की नमी कम हो सकती है.
झारखंड में तस्वीर अलग
झारखंड के दक्षिणी जिलों जैसे जमशेदपुर, सरायकेला और सिमडेगा में दोपहर के समय गर्मी साफ महसूस हो रही है, जबकि जंगल और पहाड़ी इलाकों जैसे गुमला, खूंटी और लोहरदगा में सुबह-शाम अब भी हल्की ठंड बनी हुई है. रांची में भी दिन और रात के तापमान के बीच फर्क साफ नजर आ रहा है.
उत्तराखंड: शुष्क मौसम
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क है. देहरादून समेत मैदानी और पहाड़ी इलाकों में तेज धूप निकल रही है, जिससे दिन में गर्मी बढ़ी है. हालांकि सुबह-शाम हल्की ठिठुरन अब भी महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 17 फरवरी के आसपास पहाड़ी इलाकों में बदलाव के संकेत मिल सकते हैं.
मौसम विभाग का क्या कहना?
IMD का कहना है कि आने वाले दिनों में कहीं हल्की बारिश, कहीं बादल और कहीं साफ धूप देखने को मिल सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और सुबह-शाम की ठंड व कोहरे को ध्यान में रखकर अपनी दिनचर्या तय करने की सलाह दी जा रही है.
ये भी पढें: ‘हेलेना रेरिख अंतर्राष्ट्रीय पदक’ पाने वाली पहली भारतीय बनीं प्रोफेसर मीता नारायण
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



