Bharat Express DD Free Dish

महाराष्ट्र में एक बार फिर ‘ऑपरेशन टाइगर’? 6 MLA के बाद अब उद्धव ठाकरे को 14 का झटका

महाराष्ट्र में ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत उद्धव ठाकरे के 14 विधायकों के शिंदे सेना में शामिल होने की अटकलें तेज हैं. उद्धव ने विधायकों को ऑफर देने वाले एजेंटों की कॉल रिकॉर्ड करने की सलाह दी है.

Operation Tiger In Maharashtra 14 Uddhav MLAs May Join Shinde Sena Bharat Express

Maharashtra Operation Tiger: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी भूचाल के संकेत मिल रहे हैं. छह सांसदों और एक एमएलसी के पाला बदलने के बाद अब खबर आ रही है कि उद्धव ठाकरे (Shiv Sena UBT) के 14 विधायक एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में हैं. माना जा रहा है कि नवरात्रि से पहले यह ‘ऑपरेशन टाइगर’ पूरा हो सकता है, जिससे उद्धव ठाकरे को अब तक का सबसे बड़ा झटका लग सकता है.

मंत्रालय और महामंडल के पदों पर फंसा पेच

सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट में शामिल होने की होड़ में लगे इन 14 विधायकों में से 6 ने सरकार में भारी-भरकम मंत्रालय और कैबिनेट पद की मांग रखी है. वहीं, कुछ अन्य विधायकों को निगमों का अध्यक्ष और राज्य मंत्री पद देने की बातचीत अंतिम दौर में चल रही है.

इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सांसद श्रीकांत शिंदे ने कोंकण, मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के तीन प्रमुख मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है. शिंदे का अचानक दिल्ली दौरा और बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की खबरें भी इन अटकलों को और हवा दे रही हैं.

ठाकरे गुट का गणित बिगड़ना तय

महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल उद्धव ठाकरे के पास 20 विधायक हैं. अगर इनमें से 14 विधायक अलग होते हैं, तो ठाकरे गुट के पास नाममात्र के विधायक रह जाएंगे.

बता दें कि इससे पहले 22 जून 2026 को उद्धव गुट के 6 सांसद शिंदे के साथ चले गए थे, जबकि 30 जून 2026 को एमएलसी सचिन अहीर ने भी शिंदे सेना का दामन थाम लिया था. यह हलचल ऐसे समय हो रही है जब चुनाव चिह्न ‘धनुष-बाण’ को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई अंतिम चरण में है.

‘एजेंट का फोन आए तो कर लें रिकॉर्ड’

विधायकों में टूट की खबरों के बीच उद्धव ठाकरे ने मातोश्री में पार्टी पदाधिकारियों की आपात बैठक बुलाई. बैठक में मौजूद विधायक महेश सावंत ने बताया कि उद्धव ठाकरे ने सभी विधायकों और नगरसेवकों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है.

उद्धव ने कहा है कि अगर शिंदे गुट का कोई एजेंट या पदाधिकारी ऑफर लेकर फोन करता है, तो उसकी कॉल रिकॉर्डिंग तुरंत कर लें. हालांकि, सावंत का दावा है कि वफादार विधायक और कार्यकर्ता कहीं नहीं जाने वाले हैं.

यह भी पढ़ें: TMC के 20 बागी सांसदों को दल-बदल का नोटिस, जवाब देने के लिए मांगा 3 हफ्ते का और वक्त, SC ने भी भेजा समन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read