Bharat Express DD Free Dish

लोकसभा और राज्यसभा में गरमा-गरमी तय, शीतकालीन सत्र से पहले रिजिजू ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

Parliament Winter Session: संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है. सरकार परमाणु ऊर्जा, उच्च शिक्षा और कॉरपोरेट सुधार से जुड़े विधेयक पेश करेगी. वहीं विपक्ष SIR, दिल्ली ब्लास्ट और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है.

Parliament Winter Session: दिल्ली में संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है और इस बार माहौल बेहद गरम रहने वाला है. सत्र शुरू होने से पहले ही सरकार और विपक्ष के बीच तल्खी बढ़ गई है. पहले दिन से ही जोरदार हंगामे की संभावना जताई जा रही है. इसी को देखते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है. उन्होंने कहा कि बैठक में सभी दलों की राय सुनी जाएगी और लोकसभा व राज्यसभा के सुचारू संचालन के लिए सहयोग मांगा जाएगा.

सरकार के एजेंडे

यह सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा. सरकार ने इस दौरान 10 अहम विधेयक पेश करने की योजना बनाई है जिसमें परमाणु ऊर्जा, उच्च शिक्षा और कॉरपोरेट/शेयर बाजार से जुड़े बिल शामिल हैं. दुसरी ओर विपक्ष SIR को बड़ा मुद्दा बनाकर सरकार को घरने की तैयारी में है. बंगाल, यूपी, तमिलनाडु और केरल जैसे चुनावी राज्यों में यह मामला पहले से ही गरम है.

राज्यसभा कार्य समिति की बैठक

राज्यसभा कार्य समिति की बैठक शाम 4 बजे होगी जिसमें पहले सप्ताह का एजेंडा तय किया जाएगा. लोकसभा की बैठक भी शाम 5 बजे होगी. कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे. कयास तो यह भी लगाए जा रहे हैं कि कर्नाटक के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है.

विपक्ष बनाम सरकार

विपक्ष हर हाल में SIR पर बहस चाहता है जबकि सरकार का कहना है कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और चुनाव आयोग संसद के प्रति जवाबदेह नहीं है. हालांकि सरकार का कहना है कि यदि विपक्ष चुनाव सुधार पर व्यापक बहस का प्रस्ताव लाता है तो उस पर विचार किया जा सकता है.

अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति

विपक्ष दिल्ली ब्लास्ट, प्रदूषण, वोट चोरी और BLO की आत्महत्या जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घरने की योजना बना रहा है. वहीं सरकार विपक्ष की धार कम करने के लिए राष्ट्रवाद का सहारा लेने की रणनीति पर है. चर्चा है कि ‘वंदे मातरम’ पर विशेष बहस कराई जा सकती है.

ये भी पढ़ें-आंख में खून का थक्का, चेहरा सूजा हुआ…बलरामपुर में मासूम पर शिक्षक की बर्बर पिटाई, इलाके में गुस्सा

पिछले सत्र की तरह इस बार भी विपक्ष एकजुट दिख रहा है. आने वाले दिनों में संसद का शीतकालीन सत्र शोर-शराबे, तीखी नोकझोंक और राजनीतिक टकराव से भरा रहने वाला है. अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन किसपर भारी पड़ता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read