Bharat Express DD Free Dish

आज से शीतकालीन सत्र का आगाज, विपक्ष ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति, कई अहम विधेयक होंगे पेश

Parliament Winter Session: संसद का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है. विपक्ष ने SIR, राष्ट्रीय सुरक्षा, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग की है. वहीं सरकार नौ अहम आर्थिक विधेयक पेश करने की तैयारी में है.

Parliament Winter Session: संसद का शीतकालीन सत्र आज यानी एक दिसंबर से शुरू होने वाला है. शुरुआत से ही यह सत्र हंगामेदार रहने के आसार दिख रहे हैं क्योंकि कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है. रविवार को हुई सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने एक सुर में मांग की कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा कराई जाए.

सरकीर की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चलनी चाहिए और इसके लिए विपक्ष से बातचीत जारी रहेगी. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह शीतकालीन सत्र है इसलिए सबको ठंडे दिमाग से काम करना चाहिए.

विपक्ष की मांगे

कांग्रस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों ने SIR के साथ ही दिल्ली विस्फोट की पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय सुरक्षा, वायु प्रदूषण, विदेश नीति, किसानों की स्थिति, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग की. विपक्ष का कहना है कि इन विषयों पर गंभीर बहस होनी चाहिए.

सर्वदलिय बैठक में क्या हुआ?

बैठक में 36 राजनीतिक दलों के 50 नेता शामिल हुए. सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मौजूद थे. विपक्ष की ओर से कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और द्रमुक समेत कई दलों के नेता बैठक में शामिल हुए.

सरकार की तैयारी

केंद्र सरकार इस सत्र में 9 आर्थिक विधेयक पेश करने जा रही है. इनमें बीमा कानून (संशोधन) विधेयक 2025 शामिल है. इस विधेयक के जरिए बीमा क्षेत्र में विदेशी निवेश की सीमा 74 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है. इसके अलावा तंबाकू और पान मसाला पर कर लगाने से जुड़े विधेयक भी जोड़े गए हैं.

वित्त मंत्री विधेयक करेंगी पेश

वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ‘स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा उपकरण विधेयक 2025’ पेश करेगी. जिसका मकसद राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए संसाधन जुटाना है. साथ ही बाजार संहिता विधेयक, दिवासा और शोधन अक्षमता संहिता संशोधन, कॉर्पोरेट कानून संशोधन और राष्ट्रीय राजमार्ग संशोधन जैसे कई अहम विधेयक भी इस सत्र में चर्चा के लिए लाए जाएंगे.

ये भी पढ़ें-कांग्रेस की बैठकों से लगातार नदारद शशि थरूर, बीजेपी में जाने की अटकलें तेज!

कुल मिलाकर शीतकालीन सत्र की शुरुआत से ही सरकार और विपक्ष आमने-सामने दिख रहे हैं. जहां विपक्ष कई मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है वहीं सरकार आर्थिक सुधारों से जुड़े अहम विधेयक पेश करने की तैयारी में है. ऐसे में आने वाले दिनों में संसद का माहौल गरम रहने की पूरी संभावना है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read