Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

बृजभूषण सिंह से मुलाकात के बाद बदले बाबा रामदेव के सुर, पतंजलि घी विवाद पर क्या बोले योगगुरु

Patanjali Ghee Controversy: पतंजलि देशी घी में मिलावट के आरोपों पर योग गुरु बाबा रामदेव ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि हमारा घी पूरी तरह शुद्ध है.

Patanjali Ghee Controversy

बृजभूषण के भ्रम मुझसे मिलकर हुए दूर- बाबा रामदेव

Patanjali Ghee Controversy: पतंजलि के देसी घी को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई तरह के आरोप लगाए जा रहे थे. इन सभी आरोपों पर अब योग गुरु बाबा रामदेव ने खुद सामने आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि पतंजलि का घी पूरी तरह से शुद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार की कोई मिलावट नहीं की जाती. इस दौरान उन्होंने पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी खुलकर अपनी बात रखी.

बृजभूषण सिंह से मुलाकात के बाद खत्म हुआ विवाद

बाबा रामदेव ने कहा कि बृजभूषण सिंह ने जो बयान दिया था वो कहीं सुनी-सुनाई बातों पर आधारित था. उन्होंने कहा कि हम इस मामले में किसी भी तरह का विवाद नहीं बढ़ाना चाहते. आज हमारी बृजभूषण सिंह जी से मुलाकात भी हुई है और उन्होंने इस पूरे मामले को वहीं खत्म कर दिया है. उनकी जो भी गलतफहमी थी वह अब दूर हो चुकी है. इसके लिए हम उनका धन्यवाद करते हैं और इस विवाद को यहीं पर समाप्त करते हैं.

हमारा हर प्रोडक्ट शुद्ध- बाबा रामदेव

बाबा रामदेव ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि पतंजलि का हर एक प्रोडक्ट पूरी तरह से शुद्धता के साथ बनाया जाता है. हमारा घी भी सौ प्रतिशत शुद्ध है और कोई भी चाहे तो उसे किसी भी लैब में ले जाकर टेस्ट करा सकता है. यह कहना बिल्कुल झूठ है कि हम नकली घी बेचते हैं. आज तक किसी भी लैब की रिपोर्ट में पतंजलि का घी फेल नहीं हुआ है. घी को लेकर जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है. मैं दावे के साथ कहता हूं कि हमारे घी में किसी भी तरह की हड्डी, चर्बी या वनस्पति घी का इस्तेमाल नहीं होता.

बृजभूषण सिंह ने बाबा रामदेव पर क्या आरोप लगाए थे?

दरअसल यह पूरा मामला कुछ दिन पहले बहराइच में दिए गए एक बयान से शुरू हुआ था. वहां पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव पर सीधा निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि मिलावटी सामान बनाने के मामले में बाबा रामदेव सभी के सम्राट हैं. उन्होंने कहा था कि हम सभी तरह के मिलावटी और नकली सामान बनाने वालों का विरोध करते हैं. पतंजलि के कई सारे ब्रांड देश से लेकर विदेशों तक फैले हुए हैं. कई देशों में उनके प्रोडक्ट्स पर बैन भी लगा हुआ है. उनके खिलाफ कई अदालतों में केस भी चल रहे हैं और सरकार को इस तरफ ध्यान देना चाहिए.

बाबा रामदेव ने बताया कैसे बनता है पतंजलि का घी

मीडिया से बातचीत के दौरान बाबा रामदेव ने घी बनाने की पूरी प्रक्रिया भी समझाई. उन्होंने कहा कि हम पूरे देश से लाखों लीटर गाय का दूध इकट्ठा करते हैं. उस दूध से सबसे पहले मलाई निकाली जाती है. मलाई निकालने के बाद जो कम फैट वाला दूध बचता है उसे भी हम बेचते हैं. उसी दूध से मिल्क पाउडर बनाया जाता है और उससे ही दही, छाछ और पनीर भी तैयार किया जाता है. इस तरह से एक ही दूध से 5 तरह के बाय-प्रोडक्ट्स बनते हैं. जो लोग इस बारे में कुछ नहीं जानते वही सवाल उठाते हैं कि घी कैसे बनता है. उन्होंने बताया कि देश में 15 करोड़ से ज्यादा मवेशी हैं और इन्हीं मवेशियों से घी सहित 5 बाय-प्रोडक्ट्स तैयार किए जाते हैं.

‘मुझे टारगेट करने के लिए फैलाया जा रहा है झूठ’

बाबा रामदेव ने कहा कि पिछले 2-3 महीनों में लोगों ने मेरे बारे में झूठ फैला दिया कि मेरे घुटने का, हर्निया का और हार्ट का ऑपरेशन हो गया है. उन्होंने साफ किया कि ना तो उनका हार्ट का ऑपरेशन हुआ है, ना पेट का और ना ही घुटने का. एम्स हो या वेदांता, कहीं भी उनका कोई ऑपरेशन नहीं हुआ है. वे पूरी तरह से ठीक हैं. उनके बारे में सिर्फ उन्हें टारगेट करने के लिए झूठी बातें फैलाई जा रही हैं. बाबा रामदेव ने कहा कि हमने विदेशी कंपनियों की नींव हिला कर रख दी है. लेकिन MNC कंपनियों पर कोई सवाल नहीं उठाता. ना कोई अमूल के घी पर सवाल पूछता है, ना नंदिनी घी पर और ना ही कोका कोला जैसी कंपनियों पर.

‘हम नशेड़ी-भंगेड़ी या गांजा पीने वाले साधु नहीं हैं’

योग गुरु ने कहा कि मैं एक बात साफ कह देता हूं कि पतंजलि का ना तो गाय का घी नकली है और ना ही कोई दवा नकली है. हम कोई छोटे-मोटे नशेड़ी, भंगेड़ी या गांजा पीने वाले साधु नहीं हैं. मेरे नाम पर एक इंच भी जमीन नहीं है. हमने 200 देशों में 200 करोड़ लोगों तक योग, आयुर्वेद और सनातन परंपरा को पहुंचाया है.

‘पतंजलि दे रहा है 5 लाख लोगों को रोजगार’

बाबा रामदेव ने कहा कि आज पतंजलि 5 लाख लोगों को रोजगार दे रहा है और आने वाले समय में 5 लाख और लोगों को रोजगार देने जा रहा है. कोई दूसरा 5 लोगों को भी रोजगार देकर दिखाए. उन्होंने कहा कि किसी पर भी आरोप लगाना बहुत आसान काम है लेकिन उसे साबित करके दिखाना मुश्किल है.

पतंजलि के किसी भी प्रोडक्ट पर नहीं लगा है बैन- बाबा रामदेव

अंत में योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि लोग झूठ फैलाते हैं कि बाबा की दवाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है. सच्चाई यह है कि मेरी किसी भी दवा पर कोई बैन नहीं लगा है. पतंजलि के सभी प्रोडक्ट शुद्ध हैं और बाजार में बिक रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज भारत दूध के उत्पादन में दुनिया में नंबर-1 पर है और यह कड़ी मेहनत के बाद ही संभव हो पाया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital