रिपोर्ट- विनय मालवीय
नर्मदापुरम (मध्यप्रदेश) से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. पिपरिया इलाके में एक पति ने शक की आग में जलते हुए खौफनाक साजिश रची और अपने ही परिचित का गला आरी से काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने इस कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
यह पूरी कहानी शुरू होती है शक से. आरोपी सनमान बाल्मीकि को संदेह था कि मृतक राधेश्याम मेहरा के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं. इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश पल रही थी. सनमान ने राधेश्याम को रास्ते से हटाने के लिए एक ऐसी योजना बनाई जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं.
21 दिसंबर को आरोपी ने राधेश्याम को अपनी बातों में फंसाया और उसे शराब पिलाने का लालच देकर पास के एक मोहल्ले में स्थित किराए के मकान में ले गया. वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी. जैसे ही राधेश्याम नशे में पूरी तरह धुत हो गया, सनमान ने अपनी असलियत दिखाई. उसने पास रखी लकड़ी काटने वाली आरी उठाई और बेदर्दी से राधेश्याम की गर्दन रेत दी.
शव को नाले में फेंका और पत्नी को दी धमकी
हत्या करने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की. उसने राधेश्याम के शव को घसीटकर पास के रेलवे ब्रिज के नीचे एक नाले में फेंक दिया और वहां से फरार हो गया. इतना ही नहीं, कत्ल के बाद उसने अपनी पत्नी को भी मुंह बंद रखने की हिदायत दी और उसे जान से मारने की धमकी दी.
CCTV फुटेज से खुला राज
पुलिस को जब नाले में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली, तो इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने तुरंत अपनी जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगालना शुरू किया. फुटेज में मृतक राधेश्याम को आखिरी बार सनमान बाल्मीकि के साथ देखा गया था. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने सनमान को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की.
पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब कड़ी पूछताछ हुई तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पिपरिया की मंगलवार पुलिस ने आरोपी सनमान बाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. फिलहाल, पुलिस इस मामले में आरोपी की पत्नी से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को समझा जा सके.
ये भी पढें: सावधान! कल से बदल रहे हैं ट्रेन टिकट के दाम, सफर पर निकलने से पहले पढ़ लें ये नियम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
