Bharat Agriculture Conference 2026: देश की खेती-किसानी की तस्वीर बदलने और अन्नदाताओं को नई तकनीक से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने की दिशा में राजधानी दिल्ली में एक बड़ा कदम उठाया गया है. प्रगति मैदान स्थित भव्य ‘भारत मंडपम’ में दो दिवसीय ‘भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026’ का आयोजन किया जा रहा है. इस खास अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश के अलग-अलग राज्यों से आए करीब 2,000 किसान, कृषि वैज्ञानिक, नीति निर्माता, राजनयिक और एग्री-इंडस्ट्री से जुड़े बड़े चेहरे एक साथ जुटे हैं. आज यानी गुरुवार शाम 8 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन के मुख्य सत्र को संबोधित करेंगे और किसानों के साथ भविष्य की खेती का रोडमैप साझा करेंगे.
खेती में AI और बदलते मौसम की चुनौतियों पर फोकस
महिंद्रा ट्रैक्टर्स और महाधन एग्रीटेक के सहयोग से चल रहे इस समिट की थीम ‘स्मार्ट किसान, विकसित भारत’ रखी गई है. भारत मंडपम के 2,700 सीटों वाले विशाल प्लेनरी हॉल में हो रहे इस मंथन का मुख्य मकसद भारतीय कृषि को अगले स्तर पर ले जाना है.
सम्मेलन में इस बात पर गंभीर चर्चा हो रही है कि कैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सटीक खेती की मदद से खाद, पानी और अन्य संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा, ग्लोबल वार्मिंग और बदलते मौसम की मार से फसलों को बचाने के लिए जलवायु-अनुकूल (क्लाइमेट-रेसिलिएंट) नई किस्मों को तैयार करने पर भी वैज्ञानिक और किसान अपने अनुभव बांट रहे हैं.
दिग्गज नेताओं और मंत्रियों ने साझा किए विचार
बुधवार से शुरू हुए इस दो दिवसीय समिट के पहले दिन देश की कृषि नीतियों और जमीनी हकीकत पर जमकर बातचीत हुई. पहले दिन के सत्रों में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जैसे दिग्गज नेताओं ने शिरकत की और किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला.
वहीं, आज सम्मेलन के दूसरे और आखिरी दिन दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी समेत कई वरिष्ठ नीति निर्माता और कृषि विशेषज्ञ किसानों से सीधा संवाद करेंगे. कुल मिलाकर, यह मंच गांव की मिट्टी से जुड़े मेहनतकश किसानों को सीधे नीति निर्माताओं और वैश्विक तकनीक से जोड़ने का एक मजबूत जरिया बनकर उभरा है, जिसका सीधा लाभ आने वाले दिनों में देश के कृषि क्षेत्र को मिलेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


